
बिहार बोर्ड की डेट शीट शनिवार को जारी कर दी गई है। बीएसईबी के अध्यक्ष आनंद किशोर दोपहर एक बजे वर्ष 2025 का वार्षिक कैलेंडर जारी किया। जारी हुए शेड्यूल के मुताबिक, कक्षा 12वीं की बोर्ड परीक्षाएं 1 फरवरी 2025 से शुरू होकर 15 फरवरी 2025 तक चलेंगी। वहीं, कक्षा 10वीं की परीक्षाएं 17 फरवरी से शुरू होकर 25 फरवरी 2025 तक आयोजित की जाएंगी। दोनों कक्षाओं की परीक्षाएं दो शिफ्टों में आयोजित की जाएंगी। पहली शिफ्ट सुबह 9:30 बजे से दोपहर 12:45 बजे तक और दूसरी शिफ्ट दोपहर 2:00 बजे से शाम 5:15 बजे तक होगी। बोर्ड ने कहा है कि इंटर परीक्षा 2025 के एडमिट कार्ड 21 जनवरी से डाउनलोड कर सकेंगे।
सभी स्कूल 21 जनवरी से 31 के बीच ऑरिजनल एडमिट कार्ड डाउनलोड कर उसे परीक्षार्थियों को बांटेंगे। वहीं, मैट्रिक परीक्षा 2025 के एडमिट कार्ड 8 जनवरी से डाउनलोड कर सकेंगे। सभी स्कूल 8 जनवरी से 15 के बीच ऑरिजनल मैट्रिक एडमिट कार्ड डाउनलोड कर उसे परीक्षार्थियों को वितरित करेंगे। इस वर्ष इंटर परीक्षा में 12 लाख 89 हजार 601 और मैट्रिक की परीक्षा के लिए 15 लाख 81 हजार 79 छात्रों ने फॉर्म भरा है। इन बोर्ड परीक्षाओं में भाग लेने वाले छात्र आधिकारिक बीएसईबी वेबसाइट secondary.biharboardonline.com पर जाकर अपनी डेटसीट को डाउनलोड कर सकते हैं।
पिछले साल, बिहार बोर्ड कक्षा 10 की थ्योरी परीक्षाएं 15 फरवरी, 2024 को मातृभाषा के पेपर के साथ शुरू हुई थी, जबकि कक्षा 12 की परीक्षाएं 1 फरवरी, 2024 को शुरू हुई थीं। बता दें कि हर साल बिहार बोर्ड की ओर से अन्य राज्यों की अपेक्षा पहले डेटशीट जारी की जाती थी। हालांकि, इस बार यूपी, सीबीएसई समेत अन्य राज्यों के बोर्ड ने एग्जाम की डेट्स की घोषणा कर दी थी। इस बार टाइमटेबल रिलीज होने में देरी हो गई है।
इस बार टॉपर्स के लिए इनाम में बड़ा बदलाव किया गया है। आनंद किशोर ने बताया कि पहले स्थान पर आने वाले छात्रों को अब एक लाख की जगह दो लाख रुपये नकद, लैपटॉप और एक ई-किंडल दिया जाएगा। दूसरे स्थान पर आने वालों को डेढ़ लाख रुपये और तीसरे स्थान पर रहने वाले छात्रों को एक लाख रुपये की इनामी राशि दी जाएगी। इसके अलावा, इंटर में चौथे और पांचवें स्थान पर रहने वाले छात्रों को 30 हजार रुपये मिलेंगे, जबकि मैट्रिक के चौथे से दसवें स्थान तक के छात्रों को 20 हजार रुपये की पुरस्कार राशि दी जाएगी।
Author: AK
! Let us live and strive for freedom ! Freelance Journalist ! Politics ! News Junky !












