कोर्ट परिसर, कोषागार, नगर थाना और शकूराबाद थाना समेत कई महत्वपूर्ण स्थलों का किया निरीक्षण; पुलिसकर्मियों को सतर्कता के साथ ड्यूटी करने का निर्देश
जहानाबाद। जिले में सुरक्षा व्यवस्था को दुरुस्त रखने और अपराध नियंत्रण को लेकर पुलिस प्रशासन की ओर से रात्रि निरीक्षण किया गया। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर 28 अक्टूबर की रात अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) सदर, जहानाबाद ने विभिन्न महत्वपूर्ण स्थलों और पुलिस इकाइयों का सघन निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान कोर्ट परिसर, कोषागार (ट्रेजरी), पर्यवेक्षण गृह, नगर थाना और शकूराबाद थाना का निरीक्षण किया गया। इसके अलावा परसबिगहा क्षेत्र में तैनात गश्ती दल की जांच की गई। इस दौरान पुलिस गश्ती की सक्रियता, सुरक्षा व्यवस्था और विधि-व्यवस्था संधारण की स्थिति का आकलन किया गया। निरीक्षण का उद्देश्य संवेदनशील एवं महत्वपूर्ण स्थलों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के साथ पुलिस की कार्यप्रणाली को और प्रभावी बनाना था।
इस दौरान एसडीपीओ ने संबंधित पुलिस पदाधिकारियों और कर्मियों को ड्यूटी के दौरान पूरी सतर्कता बरतने तथा नियमित रूप से गश्ती करने का निर्देश दिया। उन्होंने संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी नजर रखने, अपराध नियंत्रण के लिए प्रभावी कार्रवाई करने और किसी भी आपात स्थिति में त्वरित प्रतिक्रिया देने पर जोर दिया।
पुलिसकर्मियों को आम नागरिकों की सुरक्षा को प्राथमिकता देने और अपने कर्तव्यों का जिम्मेदारीपूर्वक निर्वहन करने का निर्देश भी दिया गया। पुलिस प्रशासन की ओर से रात्रि गश्ती और महत्वपूर्ण स्थलों की सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी को अपराध नियंत्रण एवं विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
Jehanabad News: Intensive police inspection conducted at night; security arrangements reviewed.



















