पटना में आज होगी प्रतियोगिता, अंडर-8 से अंडर-16 आयु वर्ग में जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे युवा खिलाड़ी
जहानाबाद। पटना के बिंदा वाटिका में रविवार, 1 नवंबर को आयोजित होने वाली प्राइम एंगेज जूनियर शतरंज चैंपियनशिप 2026 में जहानाबाद के चार युवा खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। प्रतियोगिता में जिले का प्रतिनिधित्व करने के लिए चैंपियन चेस एकेडमी, कोर्ट एरिया, जहानाबाद के चार खिलाड़ियों का चयन किया गया है।
प्रतियोगिता में वीरू कुमार अंडर-8, आदित्य कुमार अंडर-10, अभिनव कार्तिक अंडर-12 और आरुषि राज अंडर-16 आयु वर्ग में अपनी चुनौती पेश करेंगे। इस प्रतियोगिता में विभिन्न आयु वर्गों के खिलाड़ी शतरंज की बिसात पर अपनी रणनीतिक क्षमता, एकाग्रता और खेल कौशल का प्रदर्शन करेंगे।
चैंपियन चेस एकेडमी के कोच बॉबी कुमार ने बताया कि चारों खिलाड़ी प्रतियोगिता को लेकर काफी उत्साहित हैं। सभी ने नियमित अभ्यास के साथ बेहतर प्रदर्शन की तैयारी की है। उन्होंने उम्मीद जताई कि खिलाड़ी अपनी प्रतिभा के अनुरूप प्रदर्शन कर प्रतियोगिता में सफलता हासिल करेंगे और जहानाबाद जिले का नाम रोशन करेंगे।उन्होंने कहा कि एकेडमी का मुख्य उद्देश्य जिले के युवा खिलाड़ियों को शतरंज के क्षेत्र में बेहतर प्रशिक्षण और प्रतियोगिताओं के माध्यम से आगे बढ़ने का अवसर प्रदान करना है। इस तरह की प्रतियोगिताओं से बच्चों में खेल के प्रति रुचि बढ़ने के साथ-साथ उनकी सोचने, निर्णय लेने और रणनीति बनाने की क्षमता का भी विकास होता है।
Jehanabad News: Four players from Jehanabad to showcase their skills at the Prime Engage Junior Chess Championship



















