उत्तराखंड की केदारनाथ विधानसभा सीट उपचुनाव में सोमवार को 4 प्रत्याशियों ने अपने नामांकन दाखिल किए। उत्तराखंड क्रांति दल के डॉ. आशुतोष भंडारी, भाजपा की आशा नौटियाल, कांग्रेस के मनोज रावत और निर्दलीय त्रिभुवन सिंह चौहान ने नामांकन पत्र दाखिल किया। भाजपा प्रत्याशी आशा नौटियाल के नामांकन में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, राज्यसभा सांसद अनिल बलूनी, पूर्व मुख्यमंत्री डॉ रमेश पोखरियाल निशंक, कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा, कुलदीप रावत आदि शामिल हुए।

कांग्रेस प्रत्याशी मनोज रावत के नामांकन में प्रदेश अध्यक्ष करण माहरा, पूर्व अध्यक्ष गणेश गोदियाल, जिलाध्यक्ष कुंवर सजवाण, प्रदीप थपलियाल शामिल हुए। उत्तराखंड क्रांति दल के प्रत्याशी डॉ आशुतोष भंडारी ने परंपरागत वाद्य यंत्र ढोल दमाऊ के साथ बाजार में जुलूस निकालते हुए नामांकन करने के लिए पहुंचे। उनके साथ नामांकन के दौरान यूकेडी के अध्यक्ष पूरन सिंह कठैत, अशोक चौधरी, बलबीर सिंह चौधरी, पुरण सिंह निवाला, महेंद्र सिंह रावत आदि मौजूद रहे। निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में त्रिभुवन सिंह चौहान ने तहसील परिसर में समर्थकों के साथ पहुंचकर अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। त्रिभुवन चौहान परंपरागत धोती कुर्ता पहन कर नामांकन करने के लिए पहुंचे तो सबके आकर्षण के केंद्र बन गए। आशा नौटियाल के समर्थन में हुई जनसभा में मुख्यमंत्री, गढ़वाल सांसद सहित वरिष्ठ पदाधिकारी व नेता शामिल हुए। मुख्यमंत्री ने जनता से भाजपा प्रत्याशी को प्रचंड मतों से विजय दिलाने की अपील की। कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा ने सदैव केदारनाथ और केदारघाटी के विकास को प्राथमिकता दी है और आगे भी यहां का विकास जारी रहेगा। राजकीय इंटर कॉलेज मैदान में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि केदार भूमि से प्रधानमंत्री नरेद्र मोदी का गहरा रिश्ता व लगाव है। प्रधानमंत्री ने कहा था कि 21वीं सदी का तीसरा दशक उत्तराखंड का होगा और इसी विजन को साकार करने के लिए सरकार पूरी प्रतिबद्धता से काम कर रही है। उत्तराखंड सीट पर 20 नवंबर को वोट डाले जाएंगे।
Author: AK
! Let us live and strive for freedom ! Freelance Journalist ! Politics ! News Junky !












