
अब तक के इतिहास में पहली बार सोने और चांदी के दाम एक अलग ऊंचाई पर पहुंच गई है।राजधानी दिल्ली में आज मंगलवार सोने का भाव 350 रुपये की तेजी के साथ 81,000 रुपये प्रति 10 ग्राम के नए सर्वकालिक उच्च स्तर पर पहुंच गया है तो वहीं, चांदी 1,500 रुपये की तेजी के साथ एक लाख रुपये के स्तर को पार कर गई। अखिल भारतीय सर्राफा संघ के अनुसार लगातार पांचवें दिन तेजी जारी रखते हुए चांदी 1,500 रुपए उछली और 1.01 लाख रुपए प्रति किलोग्राम की नई ऊंचाई पर पहुंच गई। सोमवार को चांदी 99,500 रुपए प्रति किलोग्राम के भाव पर बंद हुई थी।
हिंदुस्तान जिंक लिमिटेड के मुख्य कार्यकारी अधिकारी और पूर्णकालिक निदेशक अरुण मिश्रा ने कहा, “चांदी की कीमतों में मौजूदा तेजी औद्योगिक मांग बढ़ने के कारण आई है। सेमीकंडक्टर, बैटरी निर्माण और आभूषण निर्माण के क्षेत्र में मांग बढ़ने से कीमतों में उछाल आया है।”
दिवाली से पहले 1.10 लाख रुपये प्रति किलोग्राम के भाव पर पहुंच सकती है चांदी
एलकेपी सिक्योरिटीज के उपाध्यक्ष और कमोडिटी व करेंसी सेगमेंट के रिसर्च एनालिस्ट जतिन त्रिवेदी के अनुसार, चांदी की कीमतों में तेजी जारी है और भारतीय भौतिक बाजारों में यह 1 लाख रुपये के पार पहुंच गई। चांदी में तेजी से संकेत मिल रहे हैं कि दिवाली से पहले इसकी कीमतें 1.10 लाख रुपये प्रति किलोग्राम तक पहुंच सकती हैं। इसके अलावा 99.5 प्रतिशत शुद्धता वाला सोना 350 रुपए उछलकर 80,600 रुपए प्रति 10 ग्राम के नए उच्च स्तर पर पहुंच गया।
इससे पहले, 99.5 प्रतिशत शुद्धता वाला सोना सोमवार को 80,250 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था, जबकि 99.9 प्रतिशत शुद्धता वाला सोना 80,650 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था। सर्राफा व्यापारियों ने बहुमूल्य धातुओं की कीमतों में उछाल का कारण घरेलू बाजार में औद्योगिक मांग बढ़ने और आभूषणों की बढ़ती बढ़ती खपत को बताया है।
Author: AK
! Let us live and strive for freedom ! Freelance Journalist ! Politics ! News Junky !



















