
साल 2024 के नोबेल प्राइज के अंतिम चरण में आज इकोनॉमिक्स के लिए तीन अर्थशास्त्रियों को संयुक्त रूप से यह सम्मान दिया गया है । इस साल डारोन ऐसमोग्लू, साइमन जॉनसन और जेम्स ए. रॉबिन्सन को नोबेल पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। डारोन ऐसमोग्लू, अर्मेनियाई मूल के तुर्की-अमेरिकी अर्थशास्त्री हैं, जो मैसाचुसेट्स इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी में पढ़ाते हैं। वे वहां अर्थशास्त्र के एलिजाबेथ और जेम्स किलियन प्रोफेसर हैं। 1993 से एमआईटी से जुड़े ऐसमोग्लू ने अपने शोध कार्य में राजनीतिक और आर्थिक संस्थाओं के प्रभाव को समझने का प्रयास किया है। उनका काम यह दर्शाता है कि कैसे संस्थाएं विकास और समृद्धि को प्रभावित करती हैं। उनके अलावा, साइमन जॉनसन और जेम्स ए. रॉबिन्सन भी अर्थशास्त्र के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले विद्वान हैं, जिन्होंने वैश्विक अर्थव्यवस्था की जटिलताओं को समझाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। रायल स्वीडिश अकेडमी ऑफ साइंसेज की नोबेल समिति ने कहा कि तीनों अर्थशास्त्रियों ने किसी देश की समृद्धि के लिए सामाजिक संस्थाओं के महत्व को प्रदर्शित किया है।’ समिति ने कहा, कानून के खराब शासन वाले समाज और आबादी का शोषण करने वाली संस्थाएं वृद्धि या बेहतर बदलाव नहीं लाती हैं। पुरस्कार विजेताओं के शोध से हमें यह समझने में मदद मिलती है कि ऐसा क्यों होता है। 2023 का नोबेल अमेरिका की क्लॉडिया गोल्डिन को मिला था। उन्हें मार्केट में महिलाओं के कामकाज और उनके योगदान को बेहतर तरह से समझाने के लिए ये सम्मान दिया गया था। नोबेल कमेटी ने लेबर मार्केट में गोल्डिन के रिसर्च को बेहतरीन माना था। उनकी रिसर्च में लेबर मार्केट में महिलाओं के साथ हो रहे पक्षपात और उनकी कमाई को लेकर जानकारी दी गई थी। बता दें कि अमर्त्य सेन इकलौते ऐसे भारतीय हैं, जिन्हें 1998 में इस सम्मान से नवाजा गया था। उन्हें इकोनॉमिक साइंस में वेलफेयर इकोनॉमिक्स और सोशल चॉइस थ्योरी में योगदान के लिए नोबेल प्राइज से नवाजा गया था। 2022 में बैंकिंग सेक्टर के एक्सपर्ट तीन इकोनॉमिस्ट बेन बेर्नाके, डगलस डायमंड और फिलिप डिविग को नोबेल प्राइज मिला था। तीनों ने आर्थिक मंदी के दौर में बैंकिंग सेक्टर को बेहतर करने पर रिसर्च किए और मानवता को बचाने के बेहतर तरीके बताए थे। इस पुरस्कार को आधिकारिक तौर पर ‘अल्फ्रेड नोबेल की स्मृति में आर्थिक विज्ञान में बैंक ऑफ स्वीडन पुरस्कार’ के रूप में जाना जाता है। केंद्रीय बैंक ने इसे नोबेल के स्मारक के रूप में स्थापित किया, 19वीं सदी के स्वीडिश बिजनेसमैन और रसायनज्ञ जिन्होंने डायनामाइट का आविष्कार किया और 5 नोबेल पुरस्कारों की स्थापना की। पहले विजेता 1969 में राग्नार फ्रिस्क और जान टिनबर्गेन थे।हालांकि नोबेल पुरिस्ट्स इस बात पर जोर देते हैं कि अर्थशास्त्र पुरस्कार तकनीकी रूप से नोबेल पुरस्कार नहीं है, लेकिन इसे हमेशा 10 दिसंबर को अन्य पुरस्कारों के साथ प्रदान किया जाता है, जो 1896 में नोबेल की मृत्यु की वर्षगांठ है। पिछले सप्ताह चिकित्सा, भौतिकी, रसायन विज्ञान, साहित्य और शांति के लिए नोबेल पुरस्कारों की घोषणा की गई थी।
Author: AK
! Let us live and strive for freedom ! Freelance Journalist ! Politics ! News Junky !












