
महाराष्ट्र चुनाव से पहले NCP अध्यक्ष शरद पवार ने चुनावी राजनीति से संन्यास लेने के संकेत दिए हैं।
बता दें कि एनसीपी अध्यक्ष शरद पवार ने बारामती दौरे के दौरान कहा है कि मैं कोई चुनाव नहीं लड़ना चाहता। विचार करूंगा कि राज्यसभा में भी जाना है या नहीं। नई पीढ़ी को सामने लाना चाहिए। नए लोगों को चुनकर राजनीति को देना चाहिए। मैं यह बताना चाहता हूं कि मैं अब सरकार में नहीं हूं। मेरे राज्यसभा के कार्यकाल का डेढ़ साल अभी बाकी है।
इसके बाद राज्यसभा में जाना है या नहीं, इस बारे में मुझे विचार करने की जरूरत है। 14 चुनाव लड़ चुका हूं, अब कोई चुनाव नहीं लड़ूंगा। मुझे अब विधायक नहीं बनना, सांसद नहीं बनना। मुझे लोगों के सवाल हल करने हैं। अगर हमारे विचारों की सरकार आती है तो सरकार के पीछे हम मजबूती से खड़े रहेंगे।
बता दें कि 84 साल के शरद पवार ने यह बयान ऐसे समय में दिया है, जब महाराष्ट्र में विधानसभा चुनाव 2024 की सरगर्मियां हैं।
महाराष्ट्र में 20 नवंबर को विधानसभा चुनाव वोटिंग
बता दें कि महाराष्ट्र में विधानसभा चुनाव 2024 की तैयारी चल रही है। 15 दिन बाद 20 नवंबर को एक ही फेज में मतदान होगा। 288 सीटों वाली विधानसभा को नए सदस्य मिलेंगे। मतगणना 23 नवंबर को होगी। मुख्य मुकाबला सत्तारुढ़ महायुति और महाविकास आघाड़ी के बीच है। महायुति में एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना, भाजपा और अजीत पवार के नेतृत्व वाली NCP शामिल है। महाविकास आघाड़ी में उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली शिवसेना, कांग्रेस और शरद पवार के नेतृत्व वाली NCP शामिल है। 2019 के विधानसभा चुनाव के बाद प्रदेश में 2 बार सरकार बन चुकी है। 5 साल में 2 दलों का बंटवारा हो चुका है। इस बार देखना यह है कि बाजी कौन मारेगा।
Author: AK
! Let us live and strive for freedom ! Freelance Journalist ! Politics ! News Junky !












