
उत्तराखंड के अल्मोड़ा में सोमवार को हुए दुखद बस हादसे के बाद पूरे राज्य भर में शोक की लहर बनी हुई है। इस भीषण हादसे के बाद मरने वालों के परिजनों और स्थानीय लोगों में राज्य सरकार के प्रति भी गुस्से का माहौल है। पहले कई दिनों से धामी सरकार 9 नवंबर को होने वाले 25वें राज्य स्थापना दिवस को जोर-शोर से मनाने की तैयारी जुटी हुई थी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर भाजपा नेताओं के साथ अफसरों ने भी राज्य स्थापना दिवस को लेकर होने वाले कार्यक्रमों की तैयारी कर रखी थी। लेकिन अल्मोड़ा बस हादसे के बाद अब स्थापना दिवस के कार्यक्रम सीमित और सादगी पूर्ण मनाए जाएंगे। मंगलवार को देहरादून स्थित सचिवालय में मुख्यमंत्री धामी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस करते हुए बस हादसे में गहरा दुख जताते हुए कहा कि राज्य स्थापना दिवस पर आयोजित होने वाले सभी सांस्कृतिक कार्यक्रमों को रद कर दिया गया है। कहा कि राज्य स्थापना दिवस के सभी कार्यक्रम सादगी से मनाए जाएंगे। सीएम धामी ने कहा कि हादसे के बाद ही पौड़ी और अल्मोड़ा के संबंधित क्षेत्र के एआरटीओ प्रवर्तन को निलंबित करने के निर्देश दिए। सीएम के आदेश पर सचिव नरेंद्र जोशी ने दोनों अधिकारियों के निलंबन के आदेश भी जारी कर दिए थे। साथ ही आयुक्त कुमाऊं मंडल दीपक रावत को घटना की मजिस्ट्रेट जांच कराने के निर्देश दिए गए हैं। सीएम धामी ने कहा कि ये दुर्घटना प्रदेश के लिए बड़ी दुखद है। उत्तराखंड राज्य दिवस के भी कई कार्यक्रम होने थे. 8 नवंबर को कल्चलर कार्यक्रम प्रस्तावित था, उसे स्थगित कर दिया गया है। इसके अलावा लोकार्पण और अन्य इस प्रकार के कार्यक्रम थे, फिलहाल उन्हें भी स्थगित किया गया है। उत्तराखंड राज्य स्थापना दिवस शांतिपूर्व तरीके से मनाया जाएगा। क्योंकि पूरा प्रदेश इस समय शोक में डूबा हुआ है। बता दें कि अल्मोड़ा जिले के सल्ट विकासखंड के मरचूला में यात्रियों से भरी बस अनियंत्रित होकर 150 फीट गहरी खाई में गिर गई। हादसे में पौड़ी गढ़वाल के 27 यात्रियों समेत 36 की मौत हो गई थी। जबकि 27 घायल हैं। रामनगर अस्पताल से छह यात्रियों को एयरलिफ्ट कर एम्स ऋषिकेश भेजा गया। 11 को अन्यत्र रेफर किया गया है। जबकि नौ लोग रामनगर अस्पताल में उपचारधीन है। खतरनाक मोड़ में बस मोड़ते समय कमानी टूटने को हादसे की वजह बताया जा रहा है। गढ़वाल मोटर यूजर्स कोऑपरेटिव सोसायटी की 42 सीटर बस में 63 यात्री सवार थे। हादसे में 28 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि आठ ने अस्पताल ले जाते समय दम तोड़ दिया। मृतकों में दस महिलाओं के अलावा बुजुर्ग और बच्चे भी हैं।
Author: AK
! Let us live and strive for freedom ! Freelance Journalist ! Politics ! News Junky !












