
जहानाबाद नगर परिषद क्षेत्र में मुख्यमंत्री समग्र शहरी विकास योजना के अंतर्गत जिला पदाधिकारी की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई। इस बैठक में जहानाबाद शहर के विधायक कृष्ण मोहन उपाध्याय यादव की उपस्थिति रही। साथ ही अनुमंडल पदाधिकारी, नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी, बुडको के सीईओ और अन्य संबंधित अधिकारी शामिल हुए।
बैठक में फुटपाथ दुकानदार संघ के जिला अध्यक्ष अरविंद कुमार चोपड़ा और मीट-मुर्गा मछली मंडी के राजेश पंडित की भी उपस्थिति दर्ज हुई। बैठक का मुख्य उद्देश्य जहानाबाद शहर को स्वच्छ और व्यवस्थित बनाने के साथ-साथ फुटपाथ दुकानदारों के लिए स्थायी वेंडिंग जोन का निर्माण करना था।
जिलाधिकारी ने योजनाओं को धरातल पर तेजी से उतारने के लिए अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए। उन्होंने काम में पारदर्शिता और गति लाने की बात कही, ताकि योजनाएं जल्द पूरी हो सकें। फुटपाथ दुकानदारों की सुरक्षा और व्यवस्थित वेंडिंग जोन के निर्माण को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए गए।
नगर परिषद कार्यपालक पदाधिकारी और बुडको को निर्देश दिया गया कि जल्द से जल्द चिन्हित स्थलों का निरीक्षण कर एनओसी जारी किया जाए। साथ ही, अंचल अधिकारी और अनुमंडल पदाधिकारी के साथ समन्वय स्थापित कर स्थलों का निरीक्षण करने का आदेश भी दिया गया।
फुटपाथ दुकानदार संघ के जिला अध्यक्ष अरविंद कुमार चोपड़ा और मीट मंडी के प्रतिनिधि राजेश पंडित ने जिलाधिकारी को वार्षिक कैलेंडर भेंट कर उनका सम्मान किया।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों से गरीब दुकानदारों के हितों को ध्यान में रखते हुए तेजी से काम करने और फुटपाथ दुकानदारों के प्रतिनिधियों के साथ बेहतर समन्वय बनाकर कार्य करने की अपील की।
Author: AK
! Let us live and strive for freedom ! Freelance Journalist ! Politics ! News Junky !












