जहानाबाद: जिले में ठगी का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां नगर सेवा के ऑटो में सफर कर रही एक महिला से शातिर ठगों ने नकली सोने के बिस्कुट के बदले कीमती गहने ठग लिए। घटना सोमवार को तब हुई जब लरसा गांव निवासी अंजू देवी अपने बच्चे के लिए किताब खरीदने जहानाबाद शहर आई थीं।
जानकारी के अनुसार, अंजू देवी एक ऑटो में सवार होकर शहर की ओर जा रही थीं। इसी दौरान ऑटो में एक अज्ञात व्यक्ति ने आकर नकली सोने का बिस्कुट दिखाते हुए उनसे पूछा कि क्या यह उनका है। महिला ने साफ इनकार कर दिया। कुछ ही दूरी पर एक वृद्ध व्यक्ति ने ऑटो रुकवाकर पूछा कि क्या किसी को कोई सोने का बिस्कुट मिला है, जिसकी कीमत उसने दस लाख रुपये बताई।
हालांकि सभी यात्रियों ने इंकार किया, लेकिन कुछ दूरी आगे बढ़ने पर वही अज्ञात व्यक्ति दोबारा आया और बातचीत के बहाने महिला का विश्वास जीत लिया। फिर उसने कथित तौर पर सोने के बिस्कुट के बदले अंजू देवी से उनके सोने के कान की बाली और जिउतिया ठग लिए। दोनों गहनों की अनुमानित कीमत एक लाख रुपये बताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलने के बाद महिला ने स्थानीय थाने में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और ऑटो तथा ठगों की पहचान के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगालने की प्रक्रिया में जुटी है।
इस तरह की घटनाएं आम लोगों को सावधान रहने की चेतावनी देती हैं। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि ऐसे किसी संदिग्ध व्यक्ति से लेन-देन या बातचीत करने से पहले पूरी सतर्कता बरतें और किसी भी प्रकार की ठगी की सूचना तुरंत पुलिस को दें।
Jehanabad News: Woman cheated in auto, jewelry taken in exchange for fake gold biscuits
Author: AK
! Let us live and strive for freedom ! Freelance Journalist ! Politics ! News Junky !












