जहानाबाद। राजद के वरिष्ठ नेता एवं बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव रविवार को इमलिया चक पहुंचे और दिवंगत राजद विधायक डॉ. सच्चिदानंद यादव के परिजनों से मुलाकात कर शोक संवेदना व्यक्त की। उन्होंने शोकाकुल परिवार को ढांढस बंधाते हुए कहा कि दुख की इस घड़ी में पूरा राजद परिवार उनके साथ खड़ा है।
तेजस्वी यादव ने डॉ. सच्चिदानंद यादव के राजनीतिक एवं सामाजिक योगदान को याद करते हुए कहा कि उन्होंने जिस तरह अपने परिवार को पूरी जिम्मेदारी और निष्ठा के साथ संभाला, उसी तरह पार्टी के लिए भी पूरी मजबूती से काम किया। जहानाबाद में राजद को मजबूत आधार देने और संगठन को खड़ा करने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही। उन्होंने पार्टी के प्रति उनकी निष्ठा और समर्पण को याद करते हुए कहा कि उनका योगदान लंबे समय तक याद किया जाएगा।
तेजस्वी यादव ने परिवार के सदस्यों से बातचीत करते हुए भरोसा दिलाया कि राजद परिवार के हर सुख-दुख में उनके साथ खड़ा रहेगा। उन्होंने कहा कि परिवार को कभी भी किसी तरह की आवश्यकता हो तो वे पार्टी के लोगों से संपर्क कर सकते हैं। उन्होंने दिवंगत विधायक के पुत्रों से भी मुलाकात की और परिवार की स्थिति की जानकारी ली।
तेजस्वी यादव ने कहा कि डॉ. सच्चिदानंद यादव की तबीयत खराब होने के दौरान वे लगातार फोन के माध्यम से उनके बच्चों से स्वास्थ्य की जानकारी लेते रहते थे। जब उनकी तबीयत में सुधार हुआ था, तो उन्हें काफी खुशी हुई थी। उन्हें उम्मीद थी कि वे स्वस्थ होकर जल्द घर लौटेंगे और पार्टी तथा क्षेत्र के लिए फिर से सक्रिय होकर काम करेंगे। लेकिन उनके निधन की दुखद खबर से उन्हें गहरा सदमा लगा।
उन्होंने कहा कि आज जहानाबाद आकर परिवार से मिलकर उन्होंने अपनी संवेदना व्यक्त की है और आगे भी जब-जब जहानाबाद आएंगे, दिवंगत डॉ. सच्चिदानंद यादव के परिवार से जरूर मुलाकात करेंगे। इस दौरान राजद के स्थानीय नेता और कार्यकर्ता भी मौजूद रहे।
Jehanabad News: Tejashwi Yadav met the family of the late MLA Dr. Sachchidanand Yadav; stated that the RJD will stand by the family through all joys and sorrows.

















