DW Samachar – Header
ब्रेकिंग

Jehanabad News: सशक्त ग्राम कचहरी बदल सकती है गांव की सूरत – वी. के. सिंह

केस-मुकदमा मुक्त परिवेश ही है समृद्धि का रास्ता

जहानाबाद: बिहार भारत गाँवों का देश है, और खुशहाल तथा समृद्ध गांव ही देश को शक्तिशाली राष्ट्र बना सकते हैं। इसके लिए आवश्यक है कि वाद-विवाद और केस-मुकदमे में लगने वाला समय और धन अपने परिवार व कैरियर पर खर्च किया जाए। ग्राम कचहरी की अवधारणा इसी सिद्धांत पर आधारित है।

यह बातें 1987 बैच के वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी एवं महापरिवर्तन आंदोलन के प्रणेता वी. के. सिंह ने जिले के सभी पंच और सरपंचों के बीच जिला अतिथि गृह में कहीं। उन्होंने कहा कि यदि ग्राम कचहरी पूरी शक्ति और ईमानदारी से अपने दायित्वों को निभाने में जुट जाए, तो बिहार और देश महज एक वर्ष में विकसित हो सकता है।

बैठक में उपस्थित कई पंच और सरपंचों ने चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें अपने कार्यों के दौरान मारपीट या झूठे मुकदमों का डर बना रहता है। इस पर वी. के. सिंह ने आश्वासन दिया कि वे इस विषय में जिला पुलिस अधीक्षक एवं राज्य के पुलिस महानिदेशक से आग्रह करेंगे कि सभी पंचों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए।

गौरतलब है कि दो बार राष्ट्रपति पदक से सम्मानित वी. के. सिंह बिहार के बारह जिलों में महापरिवर्तन आंदोलन चला रहे हैं। यह आंदोलन एक गैर-राजनीतिक और सामाजिक चेतना को जागृत करने का प्रयास है, जिसका उद्देश्य समाज से गंदगी, लड़ाई-झगड़ा और भ्रष्टाचार को समाप्त करना है।

उन्होंने बिहार के गौरवशाली अतीत का जिक्र करते हुए कहा कि सम्राट अशोक और चंद्रगुप्त के काल में बिहार देश-दुनिया का सिरमौर था, लेकिन आज बिहार को देश के सबसे पिछड़े, अशिक्षित और भ्रष्ट राज्यों में गिना जाता है। इस स्थिति से बाहर निकलने के लिए सभी बिहारवासियों को एकजुट होकर अपनी सहभागिता निभानी होगी। तभी बिहार पुनः देश का एक गौरवशाली राज्य बन सकेगा।

AK
Author: AK

! Let us live and strive for freedom ! Freelance Journalist ! Politics ! News Junky !

Relates News