DW Samachar – Header
BREAKING

Jehanabad News: 100 दिवसीय बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के तहत विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

Jehanabad News: 100 दिवसीय बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के तहत विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
IMG_20251223_113731


जहानाबाद राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकार, नई दिल्ली, बिहार राज्य विधिक सेवा प्राधिकार, पटना एवं प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश ब्रजेश कुमार के निर्देशन में 100 दिवसीय बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के तहत जिले भर में विशेष जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इस क्रम में जिले के सभी प्रखंड स्तरीय लोक स्थानों पर कार्यक्रम आयोजित किए जाने का निर्णय लिया गया है।
इसी कड़ी में सोमवार को जहानाबाद जिले के विभिन्न चौक-चौराहों, बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन, बाजार-हाट एवं अन्य सार्वजनिक स्थलों पर भ्रमण कर विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान आम जनता, महिलाओं एवं बच्चियों को बाल विवाह के दुष्परिणामों और कानून से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी दी गई।
पैनल अधिवक्ता रमेश प्रसाद ने उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि बाल विवाह रोकथाम कानून महिलाओं एवं बच्चियों को समुचित सुरक्षा प्रदान करता है। उन्होंने बाल विवाह से जुड़ी सरकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए कहा कि बाल विवाह एक सामाजिक अभिशाप है, जिसका बच्चों के स्वास्थ्य और मानसिक विकास पर गंभीर व नकारात्मक प्रभाव पड़ता है। इससे कम उम्र में मातृत्व का खतरा बढ़ता है और स्वास्थ्य संबंधी जटिलताएं उत्पन्न होती हैं।
वहीं अधिकार मित्र विमल कुमार एवं कौशल कुमार ने बाल विवाह निषेध कानून की विस्तृत जानकारी आम जनों को दी। उन्होंने अपील की कि यदि कहीं भी बाल विवाह की सूचना मिले तो तुरंत विधिक सेवा प्राधिकार के अधिकार मित्र, आशा समिति, स्थानीय प्रशासन अथवा टोल फ्री नंबर 1098 एवं नालसा के टोल फ्री नंबर 15100 पर सूचना दें। उन्होंने आश्वस्त किया कि सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी। इस अवसर पर प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह प्राधिकार अध्यक्ष ब्रजेश कुमार का संदेश भी साझा किया गया। उन्होंने कहा कि बाल विवाह की रोकथाम केवल कानून से संभव नहीं है, बल्कि इसके लिए सामूहिक और सामाजिक प्रयास जरूरी हैं। जब तक जन-जन की भावनाओं में यह विचार नहीं आएगा कि बाल विवाह से कितनी बड़ी हानि होती है और इसका असर कई पीढ़ियों तक पड़ता है, तब तक इसे पूरी तरह समाप्त नहीं किया जा सकता। उन्होंने कहा कि विधिक सेवा प्राधिकार के माध्यम से जरूरतमंदों को हर प्रकार की कानूनी सहायता उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है। आपसी संवाद और जागरूकता के माध्यम से ही इस अभियान को सफल बनाया जा सकता है। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों से आह्वान किया गया कि “ज्ञान का दीप जलाना है, बाल विवाह मिटाना है” के संदेश को जन-जन तक पहुंचाएं और समाज को इस कुप्रथा से मुक्त कराने में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएं।

Jehanabad News: Special awareness program organized under 100-day Child Marriage Free India campaign

Digital Women Trust
AK
Author: AK

! Let us live and strive for freedom ! Freelance Journalist ! Politics ! News Junky !

Relates News

Advertisement

⚡ लाइव अपडेट
खबरें लोड हो रही हैं…

लेटेस्ट न्यूज़