भाकपा-माले कार्यकर्ताओं ने शहीद भगत सिंह की प्रतिमा पर किया माल्यार्पण, संघर्ष तेज करने का आह्वान
जहानाबाद। शहीद-ए-आजम भगत सिंह की 119वीं जयंती के अवसर पर रविवार को भाकपा-माले जिला कार्यालय में कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने भगत सिंह की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। वक्ताओं ने लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के लिए संघर्ष को तेज करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में पार्टी के प्रभारी कुमार परवेज, जिला सचिव विजय कुमार, राज्य कमेटी सदस्य रविंद्र यादव, जहानाबाद ग्रामीण के सचिव हसनैन अंसारी, आरवाईए के जिला संयोजक डॉ. धनंजय, आइसा के जिला संयोजक नीतीश कुमार, वरिष्ठ नेता वसी अहमद, अविनाश कुमार, गरीबन दास समेत अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।
वक्ताओं ने कहा कि देश में लोकतंत्र और संविधान के सामने गंभीर चुनौतियां हैं। उन्होंने कहा कि भगत सिंह ने हमेशा देश की आजादी, समानता और शोषण के खिलाफ संघर्ष का संदेश दिया। आज उनके विचारों को आगे बढ़ाने की जरूरत है। नेताओं ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में संवैधानिक संस्थाओं की स्वतंत्रता और नागरिकों के अधिकारों पर सवाल उठ रहे हैं।
उन्होंने कहा कि सरकार की नीतियों के खिलाफ छात्र, नौजवान, मजदूर और किसान अपने-अपने स्तर पर संघर्ष कर रहे हैं। वक्ताओं ने कहा कि भगत सिंह के विचारों से प्रेरणा लेते हुए उनके सपनों का भारत बनाने के लिए संघर्ष जारी रखने का संकल्प लिया गया।



















