जहानाबाद जिले की राजनीति में एक बड़ा उलटफेर देखने को मिला है। राजद के चर्चित नेता डॉ. अजीत कुमार यादव भारतीय जनता पार्टी का दामन थामने जा रहे हैं। वे अपने करीब 300 समर्थकों और कार्यकर्ताओं के साथ पटना भाजपा प्रदेश कार्यालय में पार्टी की सदस्यता ग्रहण करेंगे।
मीडिया से बात करते हुए डॉ. यादव ने बताया कि उनकी इच्छा थी कि यह जॉइनिंग कार्यक्रम जहानाबाद में भव्य रूप से आयोजित किया जाए, लेकिन भाजपा के जिला उपाध्यक्ष स्वर्गीय सोहन प्रसाद उर्फ कक्कू जी के असामयिक निधन के चलते कार्यक्रम को पटना स्थानांतरित करना पड़ा।
राजद छोड़ने के अपने कारणों पर उन्होंने साफ कहा कि उन्हें पार्टी में सम्मान और अपेक्षित स्थान नहीं मिल रहा था। डॉ. यादव ने कहा, “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘सबका साथ, सबका विकास’ और सनातन धर्म के प्रति भाजपा की प्रतिबद्धता ने मुझे गहराई से प्रभावित किया है। अब मैं राष्ट्र निर्माण की दिशा में भाजपा के साथ नई ऊर्जा से काम करूंगा।” राजनीतिक जानकारों का मानना है कि यह घटना जहानाबाद की राजनीति में बड़ा असर डालेगी। सूत्रों के अनुसार, आगामी चुनाव के मद्देनजर विभिन्न दलों में नेताओं और कार्यकर्ताओं का आना-जाना तेजी से जारी है। ऐसी खबरें भी सामने आ रही हैं कि राजद से और भी कई कार्यकर्ता भाजपा में शामिल हो सकते हैं।
डॉ. अजीत कुमार यादव के भाजपा में शामिल होने को लेकर जिले में राजनीतिक हलचल तेज हो गई है और यह देखना दिलचस्प होगा कि इसका प्रभाव आने वाले चुनावों में किस तरह पड़ता है।
Jehanabad News: RJD leader Dr. Ajit Kumar Yadav will join BJP today, left for Patna with 300 supporters
Author: AK
! Let us live and strive for freedom ! Freelance Journalist ! Politics ! News Junky !












