पटना–जहानाबाद–हुलासगंज मार्ग पर चलेगी बस, महिला कंडक्टर और डिजिटल भुगतान की भी सुविधा
जहानाबाद। महिलाओं और छात्राओं को सुरक्षित, सुविधाजनक एवं भरोसेमंद सार्वजनिक परिवहन उपलब्ध कराने की दिशा में जिला प्रशासन ने सोमवार को नई पहल की। समाहरणालय परिसर से पिंक बस सेवा का शुभारंभ किया गया। जहानाबाद सांसद सुरेन्द्र प्रसाद, घोसी विधायक ऋतुराज कुमार, जिला पदाधिकारी छिरिङ वाई भूटिया और पुलिस अधीक्षक कोटा किरण कुमार ने संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर बस को रवाना किया।
बिहार राज्य पथ परिवहन निगम (बीएसआरटीसी) की ओर से संचालित पिंक बस पटना–जहानाबाद–हुलासगंज मार्ग पर नियमित रूप से चलेगी। इस सेवा का मुख्य उद्देश्य महिलाओं और छात्राओं को सुरक्षित एवं सुविधाजनक परिवहन सुविधा उपलब्ध कराना है।
बस में यात्रियों की सुविधा के लिए प्रत्येक सीट के समीप मोबाइल चार्जिंग प्वाइंट की व्यवस्था की गई है। टिकटिंग और यात्रियों की सहायता के लिए महिला कंडक्टर की तैनाती की गई है। इसके अलावा टिकट का भुगतान यूपीआई के माध्यम से डिजिटल तरीके से भी किया जा सकेगा।
जिला प्रशासन के अनुसार, पिंक बस सेवा विशेष रूप से हुलासगंज स्थित इंजीनियरिंग कॉलेज में पढ़ने वाली छात्राओं की आवागमन सुविधा को ध्यान में रखते हुए शुरू की गई है। इसके साथ ही पटना, जहानाबाद और हुलासगंज के बीच यात्रा करने वाली अन्य महिला यात्रियों को भी इसका लाभ मिलेगा।
बस के शुभारंभ के दौरान छात्राओं में खासा उत्साह देखने को मिला। छात्राओं ने पिंक बस सेवा शुरू किए जाने का स्वागत करते हुए कहा कि इससे उन्हें सुरक्षित और भयमुक्त वातावरण में आवागमन की सुविधा मिलेगी। उन्होंने इस पहल के लिए मुख्यमंत्री और जिला प्रशासन के प्रति आभार जताया।
इस अवसर पर जिला क्रियान्वयन समिति के उपाध्यक्ष सागर कुमार उर्फ दिलीप कुशवाहा, अजय कुमार देव, विभिन्न राजनीतिक दलों के जिलाध्यक्ष, स्थानीय जनप्रतिनिधि, जिला परिवहन पदाधिकारी वीरेन्द्र कुमार, वरीय उप समाहर्ता निपुन कुमारी, मोटरयान निरीक्षक ब्रजकिशोर कुमार सहित परिवहन विभाग के पदाधिकारी और कर्मी मौजूद रहे।
Jehanabad News: Pink bus service launched; female students to benefit from safe travel.



















