जहानाबाद ग्रामीण मंडल अमैन के मान्दिल पंचायत में कार्यशाला, विधानसभा प्रभारी कृष्णकांत कुमार ने कार्यकर्ताओं में भरा उत्साह
जहानाबाद। सेवा संकल्प अभियान की तैयारियों को लेकर बुधवार को जहानाबाद ग्रामीण मंडल अमैन अंतर्गत मान्दिल पंचायत में मंडल स्तरीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता मंडल अध्यक्ष जितेंद्र कुमार ने की। कार्यशाला में मुख्य अतिथि के रूप में भाजपा जिला उपाध्यक्ष सह जहानाबाद विधानसभा प्रभारी कृष्णकांत कुमार उपस्थित रहे।
कार्यशाला को संबोधित करते हुए कृष्णकांत कुमार ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में जनसेवा के 25 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक सेवा संकल्प अभियान चलाया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह अभियान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सेवा, सुशासन, समर्पण और राष्ट्र निर्माण के कार्यों को जन-जन तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण माध्यम है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष सेवा, सुशासन, पारदर्शिता और राष्ट्रहित के प्रति समर्पण के लिए जाने जाते हैं। उनके नेतृत्व में देश ने विकास, गरीब कल्याण, महिला सशक्तीकरण, आत्मनिर्भरता और वैश्विक स्तर पर भारत की प्रतिष्ठा बढ़ाने के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति की है।
कृष्णकांत कुमार ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि प्रधानमंत्री के सेवा भाव और विकसित भारत के संकल्प को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने वाला व्यापक जनअभियान है। उन्होंने बताया कि अभियान के दौरान कुल 13 कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिन्हें बूथ और पंचायत स्तर तक प्रभावी ढंग से संपन्न कराया जाएगा।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से सभी कार्यक्रमों को पूरी निष्ठा, अनुशासन और उत्साह के साथ आयोजित करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि मान्दिल पंचायत से लेकर पूरे मंडल स्तर तक अभियान को प्रभावी और ऐतिहासिक रूप से सफल बनाने के लिए प्रत्येक कार्यकर्ता की सक्रिय भागीदारी जरूरी है।
कार्यशाला के बाद मान्दिल पोखर परिसर में वृक्षारोपण कार्यक्रम भी आयोजित किया गया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने पर्यावरण संरक्षण और हरित भारत के संकल्प के साथ पौधारोपण किया।
कार्यशाला में मंडल के पदाधिकारी, पंचायत अध्यक्ष, बूथ अध्यक्ष सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभी कार्यकर्ताओं ने सेवा संकल्प अभियान के कार्यक्रमों को बूथ स्तर तक प्रभावी ढंग से आयोजित कर इसे सफल बनाने का सामूहिक संकल्प लिया।
Jehanabad News: Party workers to mobilize at the booth level to make the ‘Seva Sankalp Abhiyan’ a success.



















