बिहार सरकार ने प्रशासनिक स्तर पर बड़ा फेरबदल करते हुए 10 भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) और 11 बिहार प्रशासनिक सेवा (BPS) अधिकारियों का तबादला कर दिया है। इस बदलाव के तहत कई विभागों में नए सचिव नियुक्त किए गए हैं, जबकि विभिन्न जिलों में उप विकास आयुक्त (DDC), अनुमंडल पदाधिकारी (SDO), जिला परिवहन पदाधिकारी (DTO) और नगर आयुक्तों की नई तैनाती की गई है। सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार, 2014 बैच के IAS अधिकारी संजय कुमार को राज्य निर्वाचन आयोग से स्थानांतरित कर नगर विकास एवं आवास विभाग में अपर सचिव बनाया गया है। वहीं, शिक्षा विभाग के प्रशासन निदेशक मनोरंजन कुमार को विज्ञान, प्रौद्योगिकी एवं तकनीकी शिक्षा विभाग का निदेशक नियुक्त किया गया है। सूचना एवं जनसंपर्क विभाग से स्थानांतरित विधु भूषण चौधरी को उद्योग विभाग में अपर सचिव बनाया गया है।

2016 बैच के IAS अधिकारी गगन को बिहार राज्य भंडार निगम से स्थानांतरित कर गया नगर निगम का नगर आयुक्त बनाया गया है। वहीं, 2017 बैच के IAS अधिकारी कृत्यानंद रंजन को नालंदा का नया नगर आयुक्त नियुक्त किया गया है। इसी बैच के हेमंत कुमार सिंह को युवा रोजगार एवं कौशल विकास विभाग से स्थानांतरित कर बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) का सचिव बनाया गया है। नगर विकास एवं आवास विभाग के अपर सचिव मनोज कुमार का तबादला उद्योग विभाग में किया गया है। पर्यटन विभाग के संयुक्त सचिव प्रदीप सिंह को बिहार राज्य पर्यटन विकास निगम का अपर प्रबंध निदेशक बनाया गया है। सुपौल की उप विकास आयुक्त सारा अशरफ को खाद्य प्रसंस्करण विभाग का निदेशक नियुक्त किया गया है। मोतिहारी सदर के एसडीओ निशांत सिहारा को मुजफ्फरपुर का नया डीडीसी बनाया गया है। बिहार प्रशासनिक सेवा के अधिकारियों में वैशाली के एडीएम संजय कुमार को शिवहर, कुमारी अनुपम सिंह को औरंगाबाद, राकेश कुमार को शेखपुरा, आदित्य कुमार पीयूष को गया, इंद्रवीर कुमार को सुपौल तथा अरुण प्रकाश को भोजपुर का डीडीसी बनाया गया है। इसके अलावा, अभिषेक आनंद को मधेपुरा और सोनी कुमारी को पूर्णिया का जिला परिवहन पदाधिकारी (DTO) नियुक्त किया गया है। झंझारपुर के एसडीओ कुमार गौरव को दरभंगा सदर का एसडीओ बनाया गया है, जबकि आनंद उत्सव को मुजफ्फरपुर पूर्वी का नया एसडीओ नियुक्त किया गया है। शाहिद परवेज को नगर विकास एवं आवास विभाग में विशेष सचिव के पद पर तैनाती दी गई है। बिहार सरकार के इस व्यापक प्रशासनिक फेरबदल को शासन-प्रशासन में कार्यकुशलता बढ़ाने और विकास कार्यों को गति देने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है। नई जिम्मेदारियां संभालने वाले अधिकारियों से बेहतर प्रशासनिक व्यवस्था की उम्मीद की जा रही है।
Jehanabad News: Major administrative reshuffle in Bihar; 21 officials, including 10 IAS officers, transferred; new DDCs, SDOs, and DTOs posted across several districts.



















