जहानाबाद पहुंचे मगध रेंज के आईजी, एसपी कोटा किरण कुमार ने पुष्पगुच्छ भेंटकर किया स्वागत, अधिकारियों को लंबित मामलों का जल्द निष्पादन करने का दिया निर्देश
जहानाबाद मगध रेंज के आईजी विकास वैभव मंगलवार को जहानाबाद पहुंचे। यहां पहुंचने पर पुलिस अधीक्षक कोटा किरण कुमार ने उन्हें पुष्पगुच्छ भेंटकर स्वागत किया। इसके बाद पुलिस बल की ओर से उन्हें सलामी दी गई। आईजी के आगमन को लेकर पुलिस विभाग में विशेष तैयारी की गई थी। इस दौरान उन्होंने जिले की पुलिस व्यवस्था, अपराध नियंत्रण और विभागीय कार्यप्रणाली को बेहतर बनाने के उद्देश्य से पुलिस अधिकारियों के साथ कई घंटे तक विस्तृत समीक्षा बैठक की।
बैठक में एएसपी, डीएसपी, साइबर डीएसपी, ट्रैफिक डीएसपी, जिले के सभी थानाध्यक्षों सहित पुलिस विभाग के अन्य वरीय अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक के दौरान जिले में कानून-व्यवस्था की स्थिति, अपराध नियंत्रण, पुलिस की कार्यशैली और आम लोगों को मिलने वाली सुविधाओं से जुड़े विभिन्न बिंदुओं पर चर्चा की गई। आईजी ने अधिकारियों से पुलिस व्यवस्था को और अधिक प्रभावी एवं जनहितकारी बनाने को लेकर आवश्यक जानकारी ली तथा कई महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश दिए।
बैठक के बाद आईजी विकास वैभव ने कहा कि जहानाबाद पुलिस की कार्यप्रणाली में पहले की अपेक्षा काफी सुधार हुआ है, लेकिन इसमें और सुधार लाने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि जिले में अपराध पर अंकुश लगाने की दिशा में एसपी कोटा किरण कुमार के नेतृत्व में पुलिस अच्छा काम कर रही है। पुलिस की प्राथमिकता अपराध नियंत्रण के साथ-साथ आम जनता को बेहतर और त्वरित सेवा उपलब्ध कराना भी होना चाहिए।
उन्होंने विशेष रूप से छोटे-छोटे मामलों के त्वरित निष्पादन पर जोर दिया। आईजी ने कहा कि चरित्र प्रमाणपत्र, आचरण प्रमाणपत्र और अन्य सामान्य आवेदनों के निष्पादन में अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए। पुलिस कार्यालय या थाने में आने वाले लोगों को छोटे-छोटे कार्यों के लिए बार-बार चक्कर लगाने की नौबत नहीं आए। किसी भी आवेदन या फाइल को अनावश्यक रूप से लंबित नहीं रखा जाए। संबंधित पदाधिकारी समय पर कार्रवाई करते हुए आवेदकों को उनका काम पूरा कर उपलब्ध कराएं।
उन्होंने कहा कि पुलिस विभाग का उद्देश्य केवल अपराधियों पर कार्रवाई करना ही नहीं, बल्कि आम जनता के बीच विश्वास कायम करना भी है। जब कोई व्यक्ति अपनी समस्या लेकर थाने पहुंचता है तो उसकी शिकायत को गंभीरता से सुना जाए और नियमानुसार त्वरित कार्रवाई की जाए। इससे आम लोगों का पुलिस प्रशासन के प्रति भरोसा और मजबूत होगा।
आईजी ने बीते दुर्गापूजा के दौरान जिले में की गई सुरक्षा व्यवस्था की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि दुर्गापूजा के अवसर पर जिले के विभिन्न चौक-चौराहों, संवेदनशील स्थानों और प्रमुख इलाकों में पुलिस बल की तैनाती कर सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिसकर्मियों ने सराहनीय काम किया। उन्होंने आगामी छठ और दीपावली पर्व को देखते हुए भी पुलिस अधिकारियों को पूरी सतर्कता और मुस्तैदी के साथ ड्यूटी करने का निर्देश दिया।उन्होंने कहा कि त्योहारों के दौरान आम नागरिकों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। इसके लिए जिले के सभी थानों की पुलिस अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखे। प्रमुख चौक-चौराहों और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित की जाए, ताकि लोग शांतिपूर्ण और सुरक्षित माहौल में त्योहार मना सकें।
Jehanabad News: IG Vikas Vaibhav held a review meeting regarding improvements in policing and crime control.



















