कोलकाता से लौट रहे सात दोस्तों की गाड़ी का टायर फटा, नेर गांव के पास हुआ हादसा
जहानाबाद मखदुमपुर थाना क्षेत्र के नेर गांव के समीप पटना-गया राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच-83) पर शुक्रवार की सुबह एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना में मुजफ्फरपुर के एक युवक की मौत हो गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा उस समय हुआ जब तेज रफ्तार बोलेरो का टायर अचानक फट गया और वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया। दुर्घटना इतनी भीषण थी कि बोलेरो पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। मृतक की पहचान मुजफ्फरपुर निवासी सुजीत कुमार के रूप में की गई है। वहीं घायल युवकों में विकास कुमार, मनीष कुमार, नीतीश कुमार और अजीत कुमार शामिल हैं। सभी घायलों को स्थानीय लोगों की मदद से तत्काल मखदुमपुर स्थित सुखदेव प्रसाद वर्मा रेफरल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। चिकित्सकों के अनुसार कुछ घायलों की हालत चिंताजनक बनी हुई है।

घायलों ने बताया कि वे सभी दोस्त मुजफ्फरपुर से बोलेरो किराए पर लेकर कोलकाता घूमने गए थे। शुक्रवार की सुबह घर लौटने के दौरान नेर गांव के समीप वाहन का टायर अचानक फट गया। वाहन की रफ्तार अधिक होने के कारण चालक संतुलन खो बैठा और बोलेरो पलट गई। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। आक्रोशित ग्रामीणों ने कुछ समय के लिए एनएच-83 को जाम कर विरोध प्रदर्शन किया। सूचना मिलने पर मखदुमपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझा-बुझाकर जाम समाप्त कराया, जिसके बाद यातायात सामान्य हो सका। मखदुमपुर थानाध्यक्ष राजेश कुमार ने बताया कि दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल घटनास्थल पर पहुंची थी। मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया है तथा परिजनों को सूचना दे दी गई है। दुर्घटना के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है।
Jehanabad News: Horrific road accident in Makhdumpur; youth dies and four critically injured after Bolero overturns.



















