DW Samachar – Header
BREAKING

Jehanabad News: बाल विवाह के खिलाफ वैश्विक संकल्प को मिली अंतरराष्ट्रीय पहचान, जहानाबाद में अभियान को तेज करने का आह्वान

Jehanabad News: बाल विवाह के खिलाफ वैश्विक संकल्प को मिली अंतरराष्ट्रीय पहचान, जहानाबाद में अभियान को तेज करने का आह्वान
InShot_20260905_181821382

जहानाबाद। संयुक्त राष्ट्र द्वारा 27 नवंबर को “बाल विवाह, कम उम्र और जबरन विवाह की समाप्ति के लिए अंतरराष्ट्रीय दिवस” घोषित किए जाने का तटवासी समाज न्यास, जहानाबाद ने स्वागत किया है। संस्था ने इसे जस्ट राइट्स फॉर चिल्ड्रेन नेटवर्क और उसके सहयोगी संगठनों द्वारा बाल विवाह के खिलाफ वर्षों से चलाए जा रहे अभियान की अंतरराष्ट्रीय मान्यता बताया। शिक्षक दिवस के अवसर पर आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम को संबोधित करते हुए तटवासी समाज न्यास के निदेशक कन्हैया कुमार सिंह ने कहा कि भारत से शुरू हुई बाल विवाह के खिलाफ मुहिम अब वैश्विक संकल्प का रूप ले चुकी है। उन्होंने कहा कि 27 नवंबर 2024 को भारत सरकार द्वारा शुरू किया गया “बाल विवाह मुक्त भारत अभियान” अब अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी पहचान बना चुका है। हालांकि, उन्होंने स्पष्ट किया कि जब तक प्रत्येक बच्चे को बाल विवाह से मुक्त सुरक्षित और शिक्षित बचपन नहीं मिलता, तब तक यह संघर्ष जारी रहेगा। उन्होंने बताया कि तटवासी समाज न्यास ने प्रशासन और समुदाय के सहयोग से जहानाबाद जिले में अब तक 940 बाल विवाह रुकवाने में सफलता हासिल की है। संस्था की ओर से स्कूलों, पंचायतों और गांवों में जागरूकता अभियान चलाने के साथ बच्चों को शिक्षा से जोड़ने तथा जरूरतमंद परिवारों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने का कार्य लगातार किया जा रहा है। कार्यक्रम के दौरान संस्था के कार्यकर्ताओं ने उप विकास आयुक्त जहानाबाद आदित्य कुमार पीयूष एवं प्रभारी अनुमंडल पदाधिकारी सह भूमि सुधार उप समाहर्ता अमु अमला से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान दोनों अधिकारियों को पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया गया। अधिकारियों के साथ बाल विवाह उन्मूलन, बाल अधिकार संरक्षण और सामाजिक जागरूकता से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा हुई। अधिकारियों ने संस्था के प्रयासों की सराहना करते हुए अभियान को सफल बनाने में हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता एवं मुख्य अतिथि के रूप में प्रभारी अनुमंडल पदाधिकारी सह भूमि सुधार उप समाहर्ता अमु अमला, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में श्रम अधीक्षक मृत्युंजय कुमार झा शामिल हुए। अतिथियों ने बाल विवाह उन्मूलन को समाज और प्रशासन की साझा जिम्मेदारी बताते हुए अभियान को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया। इस अवसर पर शिक्षा, बाल अधिकार संरक्षण, महिला सशक्तिकरण और सामाजिक जागरूकता के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले शिक्षकों, शिक्षिकाओं, जनप्रतिनिधियों एवं पत्रकारों को सम्मानित किया गया। उपस्थित लोगों ने बाल विवाह मुक्त समाज के निर्माण के लिए निरंतर सहयोग करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम के सफल आयोजन में तटवासी समाज न्यास के कार्यकर्ता नवीन कुमार, हेमंत कुमार सिंह, वैष्णवी केशरी एवं मो. शफी आलम की सक्रिय एवं सराहनीय भूमिका रही।

Digital Women Trust
Barun Kumar
Author: Barun Kumar

Relates News

Advertisement

Rudra enterprises - Devanshu Deepak Jehanabad
⚡ लाइव अपडेट
खबरें लोड हो रही हैं…

लेटेस्ट न्यूज़