जहानाबाद में ईद-उल-फितर के मौके पर शनिवार सुबह से ही हर्षोल्लास और उत्साह का माहौल देखने को मिला। रमजान के पवित्र महीने की समाप्ति के बाद जिलेभर में यह पर्व पूरे उत्साह, भाईचारे और श्रद्धा के साथ मनाया गया।
सुबह-सुबह शहर के ईदगाहों और विभिन्न मस्जिदों में अलग-अलग समय पर नमाज अदा की गई। बड़ी संख्या में मुस्लिम समुदाय के लोग नमाज के लिए एकत्र हुए और देश व प्रदेश में अमन-चैन, खुशहाली और तरक्की की दुआ मांगी। नमाज के बाद लोगों ने एक-दूसरे से गले मिलकर ईद की मुबारकबाद दी। पूरे शहर में आपसी प्रेम, सौहार्द और भाईचारे का खूबसूरत नजारा देखने को मिला।
इस दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क और मुस्तैद नजर आया। सभी प्रमुख स्थानों पर पुलिस बल की तैनाती की गई थी, ताकि पर्व शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो सके। वहीं, स्थानीय विधायक और अन्य जनप्रतिनिधियों ने भी विभिन्न मस्जिदों और इबादत स्थलों पर पहुंचकर मुस्लिम समुदाय को ईद की शुभकामनाएं दीं और भाईचारे का संदेश दिया।
ईद के इस पावन अवसर पर बच्चों में विशेष उत्साह देखने को मिला। नन्हे-मुन्ने बच्चे नए कपड़ों में सजे-धजे एक-दूसरे से गले मिलकर प्रेम और भाईचारे का संदेश दे रहे थे। कई स्थानों पर बच्चों के लिए झूले लगाए गए थे और छोटे-छोटे मेलों का आयोजन भी किया गया था, जहां खाने-पीने के विभिन्न व्यंजन उपलब्ध थे।
बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक, हर किसी ने एक-दूसरे को गले लगाकर “ईद मुबारक” कहा और प्रेम, एकता तथा सौहार्द का संदेश दिया। पूरे दिन जहानाबाद में खुशियों, मेल-मिलाप और भाईचारे का वातावरण बना।
Jehanabad News: Celebration of Eid-ul-Fitr, greetings given by hugging after prayers, children showed special enthusiasm
Author: AK
! Let us live and strive for freedom ! Freelance Journalist ! Politics ! News Junky !












