जहानाबाद। जिले की पुरानी एवं सार्वजनिक परिसंपत्तियों को बेहतर, स्वच्छ और सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से शुक्रवार को “सेवा संकल्प एवं कायाकल्प अभियान” की शुरुआत हुई। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने पटना से अभियान का शुभारंभ किया। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से राज्य के सभी जिलों के जिलाधिकारी एवं संबंधित पदाधिकारी कार्यक्रम से जुड़े। जहानाबाद से जिला पदाधिकारी छिरिङ वाई भूटिया सहित संबंधित विभागों के पदाधिकारियों ने भाग लिया।
अभियान के तहत विद्यालयों, आंगनबाड़ी केंद्रों, पंचायत सरकार भवनों, स्वास्थ्य संस्थानों सहित अन्य सार्वजनिक परिसंपत्तियों की मरम्मत, रंग-रोगन, साफ-सफाई, रखरखाव एवं आवश्यक सुधार कार्य कर उन्हें बेहतर स्वरूप दिया जाएगा। कार्यों की निगरानी के लिए “कायाकल्प पोर्टल” भी शुरू किया गया है। इसके माध्यम से चिह्नित परिसंपत्तियों और कार्यों को अपलोड कर उनकी प्रगति की ऑनलाइन मॉनिटरिंग की जाएगी।
कार्यक्रम के बाद जिला पदाधिकारी ने संबंधित विभागों को जिले की सार्वजनिक परिसंपत्तियों का भौतिक सत्यापन कर मरम्मत एवं सुधार की जरूरत वाले कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर चिह्नित करने और पोर्टल पर अपलोड करने का निर्देश दिया। शिक्षा, स्वास्थ्य, आईसीडीएस, पंचायती राज और ग्रामीण विकास विभाग को आपसी समन्वय से उपलब्ध संसाधनों का बेहतर उपयोग करते हुए कायाकल्प कार्यों में तेजी लाने को कहा गया।
विद्यालयों एवं आंगनबाड़ी केंद्रों में पेयजल, शौचालय, बिजली, भवन की स्थिति, रंग-रोगन और साफ-सफाई सहित अन्य आधारभूत सुविधाओं की कमियों को चिह्नित कर चरणबद्ध तरीके से दूर करने का निर्देश दिया गया। भवन निर्माण अथवा अन्य आधारभूत संरचनाओं के लिए आवश्यक भूमि की पहचान, मापी और सीमांकन की कार्रवाई भी प्राथमिकता से पूरी करने को कहा गया।
अभियान के तहत “आदर्श ग्राम” की अवधारणा को भी प्राथमिकता दी जाएगी। चयनित गांवों में विभिन्न विभागों की योजनाओं और आधारभूत सुविधाओं को आपस में जोड़कर समेकित विकास सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है। उप विकास आयुक्त आदित्य कुमार पियूष को अभियान के कार्यों की नियमित निगरानी और विभागों के बीच समन्वय सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी दी गई है।
पुरानी एवं पूर्व से निर्मित आधारभूत संरचनाओं की मरम्मत, रंग-रोगन और नवीनीकरण का कार्य 30 नवंबर 2026 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। वहीं नई आधारभूत संरचनाओं एवं परिसंपत्तियों से जुड़े कार्यों को 31 मार्च 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। अधिकारियों को नियमित फील्ड मॉनिटरिंग और गुणवत्ता की जांच करते हुए निर्धारित समय-सीमा में सभी कार्य पूरा कराने का निर्देश दिया गया है।
Jehanabad News: Campaign launched to revamp public assets; target set to repair old structures by November 30.



















