जहानाबाद। जमीन विवाद के एक मामले में पद के दुरुपयोग एवं अनुशासनहीन आचरण के आरोप में जहानाबाद जिले के कड़ौना थानाध्यक्ष को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। यह कार्रवाई पुलिस महानिरीक्षक, मगध क्षेत्र, गया के स्तर से की गई है।
पुलिस की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, कड़ौना थानाध्यक्ष पर आरोप है कि उन्होंने जमीन विवाद से जुड़े मामले में फोन के माध्यम से संबंधित पक्ष से कथित रूप से अभद्र एवं अमर्यादित भाषा का प्रयोग किया। साथ ही एक पक्ष पर दबाव बनाने तथा अपने पद का दुरुपयोग करते हुए एकपक्षीय हस्तक्षेप करने का मामला सामने आया था। मामला संज्ञान में आने के बाद वरीय पुलिस अधीक्षक, गया की ओर से पुलिस महानिरीक्षक, मगध क्षेत्र, गया को पत्राचार किया गया। इसके बाद थानाध्यक्ष कड़ौना के विरुद्ध अनुशासनिक कार्रवाई के लिए अनुरोध किया गया। पुलिस महानिरीक्षक ने मामले को गंभीरता से लेते हुए कड़ौना थानाध्यक्ष को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया और उन्हें नियमानुसार जीवनयापन भत्ता पर रखा गया है।
प्रेस विज्ञप्ति में स्पष्ट किया गया है कि जमीन एवं निजी विवाद के मामलों में पुलिस पदाधिकारी अपने पद और शक्तियों का दुरुपयोग करते हुए किसी एक पक्ष के पक्ष में हस्तक्षेप नहीं करेंगे। ऐसे मामलों में विधिसम्मत, निष्पक्ष और पारदर्शी कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है।पुलिस महानिरीक्षक ने यह भी स्पष्ट संदेश दिया है कि पद की गरिमा और पुलिस शक्तियों के दुरुपयोग अथवा किसी पक्ष के प्रति अनुचित हस्तक्षेप को किसी भी परिस्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा। मुख्य बात: जमीन विवाद में पुलिस की भूमिका को लेकर मिली शिकायत के बाद हुई इस कार्रवाई से पुलिस महकमे में अनुशासन और निष्पक्षता को लेकर सख्त संदेश गया है।
Jehanabad News: Action taken against Station House Officer over land dispute; Kadauna SHO suspended.



















