जहानाबाद। मखदुमपुर प्रखंड के धरनई हरिजन टोला स्थित आंगनवाड़ी केंद्र संख्या-215 में सोमवार को ‘आंगन का मिलन’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बिहार विधान परिषद सदस्य अनिल कुमार, बिहार विधानसभा सदस्य सुबेदार दास, जिला पदाधिकारी छिरिङ वाई भूटिया और जिला अध्यक्ष धीरज कुमार शामिल हुए।
कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलित कर की गई। इसके बाद बच्चों ने स्वागत गीत और कविता प्रस्तुत कर कार्यक्रम में उत्साह का माहौल बनाया। बच्चों ने विभिन्न खेल और शैक्षणिक गतिविधियों में भी भाग लिया।
अनिल कुमार ने कहा कि बच्चों की प्रारंभिक शिक्षा और उनके सर्वांगीण विकास में आंगनवाड़ी केंद्रों की महत्वपूर्ण भूमिका है। आंगनवाड़ी केंद्र बच्चों को स्कूल जाने से पहले सीखने का बेहतर वातावरण उपलब्ध कराने के साथ उन्हें आगे की शिक्षा के लिए तैयार करते हैं।
सुबेदार दास ने कहा कि आंगनवाड़ी केंद्र बच्चों की स्कूल-पूर्व शिक्षा के साथ उनके व्यवहारिक विकास और सामाजिक सहभागिता में भी मददगार हैं। खेल और अन्य गतिविधियों के माध्यम से बच्चों को सीखने और अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलता है।
कार्यक्रम के दौरान बच्चों के लिए सहज संवाद, कहानी-कविता, समूह खेल, मिलान एवं पहचान और भाषा विकास से जुड़ी गतिविधियां कराई गईं। बच्चों ने इनमें उत्साहपूर्वक भाग लिया।
केंद्र की सेविका और सहायिका की ओर से स्थानीय एवं पौष्टिक खाद्य पदार्थों से पोषण टेबल तैयार किया गया था। अतिथियों ने इसका अवलोकन किया और खाद्य पदार्थों का स्वाद भी लिया। इस दौरान माताओं को बच्चों के ऊपरी आहार, संतुलित भोजन और उचित पोषण के महत्व की जानकारी दी गई। केंद्र पर गोदभराई और अन्नप्राशन कार्यक्रम भी आयोजित किए गए।
‘हमारी आंगनवाड़ी, हमारी जिम्मेदारी’ थीम के तहत बच्चों के साथ केक काटा गया। इसके बाद बच्चों के बीच फल, मिठाई और शैक्षणिक खिलौनों का वितरण किया गया। आंगनवाड़ी केंद्र की सेविका, सहायिका और आशा कार्यकर्ता को बेहतर सेवाओं के लिए सम्मान-पत्र एवं आभार-पत्र देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के माध्यम से बच्चों, माताओं, अभिभावकों और समुदाय को आंगनवाड़ी केंद्र से जोड़ने तथा पोषण, स्वास्थ्य और स्कूल-पूर्व शिक्षा के क्षेत्र में सामुदायिक सहभागिता बढ़ाने का संदेश दिया गया। कार्यक्रम में जिला कार्यक्रम पदाधिकारी, आईसीडीएस, बाल विकास परियोजना पदाधिकारी, महिला पर्यवेक्षिकाएं, आंगनवाड़ी सेविका-सहायिकाएं, आशा कार्यकर्ता, माताएं, अभिभावक और बच्चे मौजूद रहे।
Jehanabad News: ‘Aangan Ka Milan’ program held in Dharnai; emphasis on the holistic development of children.



















