
JOIN OUR WHATSAPP GROUP
नई दिल्ली, 20 अगस्त। भारत ने जिम्बाब्वे के खिलाफ दूसरे वनडे मैच जीत दर्ज कर अब सीरीज को सिर्फ औपचारिक मात्र ही छोड़ा है। दूसरे वनडे मैच में भारत ने पांच विकेट से जीत दर्ज कर तीन मैचों की सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त ले चुका है। इस मैच में जिम्बाब्वे ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 161 रन बनाए थे। इसके जवाब में भारत ने 25.4 ओवर में 167 रन बनाकर मैच अपने नाम कर लिया। सीरीज का आखिरी मुकाबला सोमवार को इसी मैदान पर खेला जाएगा।
जिम्बाब्वे के लिए सबसे ज्यादा 42 रन सीन विलियम्स ने बनाए। वहीं, रेयान बर्ल ने 39 रन की पारी खेली। भारत के लिए शार्दुल ठाकुर ने सबसे ज्यादा तीन विकेट लिए। बाकी सभी गेंदबाजों को एक-एक विकेट मिला। 162 रनों का पीछा करने उतरी भारतीय टीम की ओर से संजू सैमसन ने नाबाद 43 रन बनाकर टीम को जीत दिला दी। सैमसन ने छक्के के साथ मैच खत्म किया। इससे पहले पारी की शुरुआत करने आए शिखर धवन और राहुल की जोड़ी कुछ खास नहीं कर पाई लेकिन फिर शुभमन गिल और धवन की जोड़ी ने टीम को एक बार फिर से अच्छी शुरुआत ही नहीं दिलाई बल्कि टीम को शुरुआती झटके से उबारा भी। दोनों ने 33-33 रनों की पारी खेली। जिम्बाब्वे के लिए जॉन्गवे ने दो विकेट लिए।
इस मैच में सबकी निगाहें कप्तान के एल राहुल पर थी कि आखिर वह कैसे खेलते हैं क्योंकि चोट के बाद राहुल टीम में वापसी कर रहे थे। पहले मैच में उन्हें बैटिंग करने का मौका नहीं मिला था। लेकिन राहुल ने सभी की उम्मीदों पर पानी फेर दिया और सिर्फ एक रन बनाकर पवेलियन लौट गए। राहुल का टीम की शुरुआत करने का फैसला भी गलत साबित हुआ और इसकी आलोचना भी सोशल मीडिया पर जमकर हुई। क्योंकि इससे पहले वाले मैच में शिखर और शुभमन गिल की जोड़ी ने शानदार शतकीय साझेदारी कर भारत को 10 विकेट से जीत दिलाई थी। दीपक हुड्डा ने 25 रनों का योगदान दिया और दो ओवर की बॉलिंग में एक विकेट भी झटके।
जिम्बाम्वे के लिए सबसे बड़ा चैलेंज हो रहा है 50 ओवरों तक खेलना। भारतीय टीम अपने मुख्य गेंदबाजों को आराम दे रही है, लेकिन भारत के बारे में अब यह भी भ्रांति है कि इस समय इतनी मजबूत इसकी बेंच स्ट्रेंथ है कि वह चाहे तो एक ही बार में दो -दो टीम भी अंतराष्ट्रीय मैच खेल सकती है।
Author: AK
! Let us live and strive for freedom ! Freelance Journalist ! Politics ! News Junky !












