100 करोड़ से अधिक का लेनदेन प्रभावित, करीब 30 एटीएम रहे बंद; 28 से 30 सितंबर तक फिर हड़ताल की चेतावनी
जहानाबाद सदर मे आज यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस के आह्वान पर शुक्रवार को आयोजित अखिल भारतीय बैंक हड़ताल का जहानाबाद जिले में व्यापक असर देखने को मिला। हड़ताल के कारण जिले के सभी सरकारी बैंकों में बैंकिंग कार्य पूरी तरह ठप रहा। विभिन्न बैंक शाखाओं के कर्मचारी और अधिकारी कामकाज से अलग रहे तथा अपनी मांगों के समर्थन में अग्रणी बैंक कार्यालय के समक्ष एकजुट होकर प्रदर्शन किया। इस दौरान केंद्र सरकार और बैंक प्रबंधन के खिलाफ नारेबाजी भी की गई। जहानाबाद में हड़ताल का नेतृत्व पंजाब नेशनल बैंक एम्पलाई यूनियन के उपाध्यक्ष कुमार राजीव रंजन ने किया। वहीं ऑफिसर्स यूनियन के शशि शंकर और बाबू आनंद सहित अन्य बैंक अधिकारी व कर्मचारी प्रदर्शन में शामिल हुए। एनसीबीई यूनियन से वीरेंद्र शर्मा, यूको बैंक के धनंजय कुमार, पंजाब नेशनल बैंक के सुधीर कुमार मिश्रा के अलावा बालेंदु गुरुनायक, राजीव नयन, रविकांत, राजनंदन, मनीष सहित विभिन्न बैंकों के दर्जनों कर्मचारी और अधिकारी मौजूद रहे।
5-दिवसीय बैंकिंग व्यवस्था लागू करने की मांग
प्रदर्शन के दौरान बैंक कर्मियों ने 5-दिवसीय बैंकिंग व्यवस्था लागू करने की मांग प्रमुखता से उठाई। इसके अलावा सरकार की पीएलआई (PLI) योजना को एकतरफा एवं भेदभावपूर्ण बताते हुए इसे वापस लेने अथवा इसके क्रियान्वयन पर रोक लगाने की मांग की गई। बैंक यूनियनों ने कहा कि पीएलआई योजना में किसी भी तरह के बदलाव से पहले यूनियनों के साथ द्विपक्षीय वार्ता की जानी चाहिए। साथ ही लंबे समय से लंबित अन्य मांगों का भी जल्द समाधान करने की मांग की गई।
बैंकिंग सेवाएं प्रभावित, ग्राहकों को हुई परेशानी
एकदिवसीय हड़ताल के कारण चेक क्लीयरेंस, नकद जमा- निकासी,पासबुक अपडेट, ऋण संबंधी कार्य समेत कई बैंकिंग सेवाएं प्रभावित रहीं। बैंक शाखाएं बंद रहने से रोजमर्रा के बैंकिंग कार्य के लिए पहुंचे ग्राहकों को परेशानी का सामना करना पड़ा। कई स्थानों पर एटीएम में नकदी उपलब्ध नहीं होने या एटीएम बंद रहने के कारण लोगों को नकदी निकासी के लिए इधर-उधर भटकना पड़ा। बैंक कर्मियों के अनुसार, हड़ताल के कारण जिले में करीब 100 करोड़ रुपये से अधिक का बैंकिंग लेनदेन प्रभावित हुआ। वहीं करीब 30 एटीएम के बंद रहने का दावा किया गया। कई ग्राहक बैंक शाखाओं और एटीएम के चक्कर लगाते नजर आए।
निजी बैंकों में भी बंद कराया कामकाज
हड़ताल को सफल बनाने के लिए ट्रेड यूनियन नेताओं ने जिले के कई निजी क्षेत्र के बैंकों में भी कर्मचारियों से आंदोलन में सहयोग करने की अपील की। यूनियन नेताओं ने कहा कि बैंकिंग क्षेत्र के कर्मचारियों की मांगें और अधिकार केवल सरकारी बैंकों तक सीमित नहीं हैं। उन्होंने निजी क्षेत्र के बैंक कर्मचारियों से भी आंदोलन में सहयोग करने का आह्वान किया।
मांगें नहीं मानी गईं तो आंदोलन होगा तेज
बैंक कर्मियों ने कहा कि उन्होंने शांतिपूर्ण तरीके से अपनी मांगों को सरकार और बैंक प्रबंधन के समक्ष रखा है। यदि उनकी मांगों पर शीघ्र सकारात्मक पहल नहीं की गई और समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा। बैंक कर्मियों ने चेतावनी दी कि मांगें पूरी नहीं होने पर 28, 29 और 30 सितंबर 2026 को तीन दिवसीय अखिल भारतीय बैंक हड़ताल की जाएगी। इसके कारण उस सप्ताह बैंकिंग सेवाएं पांच दिनों तक प्रभावित होने की स्थिति बन सकती है। इसके बाद भी मांगों पर सहमति नहीं बनी तो 26 अक्टूबर 2026 से अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू करने की चेतावनी दी गई है।हड़ताल के दौरान बैंक कर्मचारियों और अधिकारियों ने एकजुटता दिखाते हुए अपनी मांगों के समर्थन में प्रदर्शन किया और सरकार से जल्द सकारात्मक पहल की मांग की।
Jehanabad News: Banking operations stalled in Jehanabad due to the strike; employees staged a protest and raised their demands.



















