
गुजरात मुख्यमंत्री पद से विधानसभा चुनाव के 15 महीने पहले विजय रूपाणी ने शनिवार को अपने पद से इस्तीफा दे दिया। राज्य में अब नए सीएम के तौर पर उपमुख्यमंत्री नितिन पटेल, प्रदेश कृषिमंत्री आरसी फाल्दू और केंद्रीय मंत्रियों पुरुषोत्तम रुपाला, मनसुख मंडाविया के नाम आगे चल रहे हैं। सभी पार्टी विधायकों को शनिवार रात तक गांधीनगर पहुंचने को कहा गया था जिसके बाद आज रविवार सुबह विधानमंडल दल की बैठक में नए सीएम का चुनाव हो सकता है। पार्टी ने केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव व केंद्रीय संगठन महासचिव बीएल संतोष को पर्यवेक्षक बनाकर भेजा है। केंद्रीय मंत्री प्रहलाद पटेल और नरेंद्र सिंह तोमर आज भाजपा केंद्रीय पर्यवेक्षक के तौर पर गुजरात पहुंचेंगे।
बता दें की प्रदेश में अगले साल दिसंबर में 182 सदस्यीय विधानसभा के चुनाव होने हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह खुद इस राज्य से आते हैं, ऐसे में भाजपा के लिए प्रदेश के विधानसभा चुनाव काफी अहमियत रखते हैं। 65 वर्षीय रूपाणी ने दिसंबर 2017 में दूसरी बार मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी। शनिवार को विजय रूपानी के अचानक राज्यपाल को इस्तीफा सौंपने के बाद प्रदेश की सरकार में पूरी तरह से खलबली मच गई। राज्यपाल आचार्य देवव्रत को इस्तीफा सौंपने के बाद रूपाणी ने कहा, मैंने मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया है। यह पार्टी के शीर्ष नेतृत्व का फैसला है। मैंने पांच साल प्रदेश की सेवा की और राज्य के विकास में अपना योगदान दिया। अब पार्टी जो भी जिम्मेदारी देगी, मैं उसे निभाऊंगा। उन्होंने कहा कि भाजपा में यह परंपरा रही है कि समय-समय पर पार्टी कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी बदलती रहती है। मैं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को धन्यवाद देता हूं जिन्होंने मुझ जैसे आम कार्यकर्ता को मुख्यमंत्री के तौर पर प्रदेश की जनता की सेवा करने का मौका दिया।
Author: AK
! Let us live and strive for freedom ! Freelance Journalist ! Politics ! News Junky !












