जहानाबाद: जिले में बढ़ती गर्मी और आगजनी की घटनाओं की आशंका को देखते हुए 14 से 20 अप्रैल 2026 तक अग्निशमन सप्ताह के तहत व्यापक जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में जहानाबाद के गांधी मैदान स्थित अग्निशमन कार्यालय परिसर में विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें एक निजी स्कूल के छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान बच्चों ने प्रभात फेरी और जागरूकता रैली निकालकर आम लोगों को आग से बचाव के प्रति सतर्क रहने का संदेश दिया। छात्रों ने नारेबाजी करते हुए लोगों से अपील की कि भीषण गर्मी में ज्वलनशील पदार्थों को धूप में न रखें और सावधानी बरतें, क्योंकि छोटी-सी लापरवाही भी बड़े हादसे का कारण बन सकती है।
जिला अग्निशमन पदाधिकारी ने बच्चों से संवाद करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया और उन्हें सम्मानित भी किया। उन्होंने कहा कि बच्चों की भागीदारी इस अभियान को और प्रभावी बनाती है। साथ ही उन्होंने बच्चों से अपने घर और आसपास के क्षेत्रों में भी जागरूकता फैलाने की अपील की। अधिकारियों ने बताया कि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत 101 या 112 पर कॉल कर अग्निशमन विभाग को सूचना दें, ताकि समय रहते आग पर काबू पाया जा सके और बड़ी घटना को रोका जा सके।
कार्यक्रम के दौरान मॉक ड्रिल के माध्यम से बच्चों और उपस्थित लोगों को आग बुझाने के प्राथमिक उपाय, सुरक्षित निकासी (एवैक्यूएशन) और आपदा के समय सही प्रतिक्रिया देने की जानकारी दी गई। बच्चों ने भी इस प्रशिक्षण को उपयोगी बताते हुए कहा कि उन्हें पारंपरिक समय में मिट्टी और फूस के घरों को सुरक्षित रखने के तरीकों के बारे में भी नई जानकारी मिली। गौरतलब है कि 14 अप्रैल 1944 को मुंबई के विक्टोरिया डॉक में हुए भीषण अग्निकांड में कई अग्निशमन कर्मियों ने अपने प्राणों की आहुति दी थी। उनकी स्मृति में हर वर्ष 14 अप्रैल को अग्निशमन दिवस मनाया जाता है और पूरे सप्ताह जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं।अग्निशमन विभाग द्वारा यह अभियान स्कूलों, अस्पतालों, रेस्टोरेंट और अन्य सार्वजनिक स्थलों पर भी चलाया जा रहा है, जिसमें लोगों को आग से बचाव के उपाय, सुरक्षा मानकों और आपातकालीन प्रबंधन की जानकारी दी जा रही है। इस मौके पर अग्निशमन विभाग के कई अधिकारी और कर्मी मौजूद रहे, जिन्होंने कार्यक्रम को सफल बनाने में सक्रिय भूमिका निभाई। अभियान का मुख्य उद्देश्य आमजन को जागरूक कर आगजनी की घटनाओं पर नियंत्रण पाना और जन-धन की सुरक्षा सुनिश्चित करना है, ताकि एक सुरक्षित और सजग समाज का निर्माण किया जा सके।
Jehanabad News: Message of fire safety in the scorching heat: Students in Jehanabad took charge of awareness.












