
JOIN OUR WHATSAPP GROUP
छत्तीसगढ़ में इस साल के आखिर में होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस ने बड़ा फैसला करते हुए पार्टी के वरिष्ठ नेता टीएस सिंहदेव को उपमुख्यमंत्री बनाया है। बीते दिनों दिल्ली में हुई अलाकमान की मीटिंग में छत्तीसगढ़ के स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिहंदेव को छत्तीसगढ़ का डिप्टी सीएम बनाने का प्रस्ताव पास किया गया है। कांग्रेस कमेटी के जनरल सेक्रेटरी केसी वेणुगोपाल ने ट्वीट कर यह पत्र जारी किया है। टीएस सिंहदेव को छत्तीसगढ़ का डिप्टी सीएम बनाए जाने के बाद सीएम भूपेश बघेल ने टीएस सिंहदेव को बधाई दी है। उन्होंने ट्वीट कर सिंहदेव को शुभकामनाएं दी है। केसी वेणुगोपाल सहित कई कांग्रेस के नेताओं ने टीएस सिंहदेव को उप मुख्यमंत्री बनने पर बधाई दी है. सोशल मीडिया पर सिंहदेव को बधाई देने वालों का तांता लग गया है।
हैं तैयार हम.
— Bhupesh Baghel (@bhupeshbaghel) June 28, 2023
महाराज साहब को उपमुख्यमंत्री के रूप में दायित्व के लिए बधाई एवं शुभकामनाएँ. @TS_SinghDeo pic.twitter.com/1sRZqsEU2W
सीएम भूपेश बघेल ने ट्वीट कर लिखा है कि हैं तैयार हम, महाराज साहब को उपमुख्यमंत्री के रूप में दायित्व के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं। दिल्ली में कांग्रेस की मीटिंग से पहले टीएस सिंहदेव ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे से मुलाकात की थी। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस की रिपोर्ट का हवाला उन्हें दिया था। सिंहदेव ने कहा था कि कांग्रेस को छत्तीसगढ़ में सर्वेक्षणों और मीडिया रिपोर्ट में सकारात्मक लीड मिल रही है। हमने पांच साल में जो भी किया है। उस पर छत्तीसगढ़ की जनता का साथ हमें मिल रहा है। सीएम चेहरा बदलने का कोई सवाल नहीं है।अंबिकापुर के विधायक टीएस सिंहदेव कांग्रेस के प्रमुख नेता हैं। छत्तीसगढ़ के उत्तरी हिस्से सरगुजा में उनकी मजबूत पकड़ है। इतना ही नहीं सरगुजा शाही परिवार के वंशज सिंहदेव पार्टी में आलाकमान के भरोसेमंद भी हैं।




सिंहदेव का 6 जिले से बने सरगुजा संभाग की 14 सीटों पर सीधे असर माना जाता है। इस संभाग को छत्तीसगढ़ के सत्ता की चाबी भी कहा जाता है। कांग्रेस के इस फैसले पर बीजेपी ने तंज कहा है। पूर्व सीएम और बीजेपी के वरिष्ठ नेता रमन सिंह ने ट्वीट किया, जब डूबने लगी कश्ती तो कप्तान ने कुछ किया, सौंप दी है पटवार आधे दूसरे के हाथ में। महाराज जी को बचे हुए 4 महीनों के लिए बधाई। बता दें कि इसी साल अक्टूबर-नवंबर महीने में छत्तीसगढ़ मध्य प्रदेश और राजस्थान में विधानसभा चुनाव प्रस्तावित है।
Author: AK
! Let us live and strive for freedom ! Freelance Journalist ! Politics ! News Junky !












