
JOIN OUR WHATSAPP GROUP
हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए आज सुबह 8 बजे से मतदान शुरू हो गए हैं। शाम 5 बजे तक वोटिंग चलेगी। प्रदेश की 68 सीटों पर एक ही चरण में हो रहे चुनाव में 412 प्रत्याशी मैदान में हैं। चुनाव परिणाम 8 दिसंबर को जारी किए जाएंगे। प्रदेश में कुल 55,92,828 मतदाता हैं। इनमें से 28,54,945 पुरुष और 27,37,845 महिलाएं मतदाता हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, कांग्रेस नेता
राहुल गांधी और प्रियंका गांधी समेत कई नेताओं ने जनता से वोट डालने की अपील की है।

हिमाचल प्रदेश में सुबह 9 बजे तक 4.36% वोटिंग हुई है. शिमला में 4.36%, कांगड़ा में 3.76%, सोलन में 4.90%, चंबा में 2.64%, हमीरपुर में 5.61%, सिरमौर में 4.89%. कुल्लू में 3.74%, लाहौल स्पीति में 1.56%, ऊना में 4.23%, किन्नौर में 2.50%, मंडी में 6.24% और बिलासपुर में 2.35% वोटिंग हुई है। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने परिवार समेत मंडी के सिराज विधानसभा क्षेत्र के पोलिंग स्टेशन 44 में वोट डालने पहुंचे। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह ने वोट डाल दिया है। प्रतिभा सिंह के साथ उनके विधायक बेटे विक्रमादित्य सिंह ने भी वोट डाला है। वोट डालने से पहले वो अपने बेटे के साथ शनि मंदिर में पूजा करने के लिए गई थीं। मीडिया से बात करते हुए उन्होंने कहा था कि हम जीत को लेकर पूरी तरह आश्वस्त हैं। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने भी हिमाचल की जनता से वोट डालने की अपील की है। राहुल गांधी ने कहा कि हिमाचल पुरानी पेंशन व्यवस्था, रोजगार और ‘हर घर लक्ष्मी’ के लिए वोट करेगा। केंद्रीय मंत्री और हमीरपुर से भारतीय जनता पार्टी के सांसद ठाकुर ने भी वोट डाला। वोट डालने के बाद अनुराग ठाकुर ने कहा कि उत्तराखंड, यूपी, मणिपुर और गोवा के बाद हम गुजरात और हिमाचल में भी फिर सरकार बनाएंगे। कांग्रेस को झूठे वादे करने की आदत है और जनता उसका असली चेहरा जानती है।
Author: AK
! Let us live and strive for freedom ! Freelance Journalist ! Politics ! News Junky !












