
JOIN OUR WHATSAPP GROUP
आम आदमी पार्टी का गुजरात इकाई इस समय काफी एक्टिव मोड में है और साथ ही उसके प्रदेश भाजपा अध्यक्ष गोपाल इटालिया की एक वीडियो भी खूब वायरल हो रही है। इस वीडियो में इटालिया पीएम नरेंद्र मोदी को अपशब्द प्रयोग करते हुए नज़र आ रहे हैं। वीडियो में इटालिया कह रहे हैं कि प्रधानमंत्री नीच हैं और वह सिर्फ नौटंकी करते हैं। गोपाल के इस बयान के बाद भाजपा राष्ट्रीय प्रवक्ता से लेकर पूरी स्टेट यूनिट भी उनके पीछे पड़ गई और इस तरह की भाषा को केजरीवाल की मानसिकता से जोड़कर देखने लगी।
संबित पात्रा ने तो गोपाल इटालिया को मणिशंकर अय्यर के साथ जोड़कर कहा कि कांग्रेस की राह पर आम आदमी पार्टी चलने लगी है। जिस तरह से अय्यर ने अपशब्दों का प्रयोग किया और उनकी पूरी पार्टी हाशिय पर चली गई कुछ ऐसा ही हाल आम आदमी पार्टी का होने वाला है। नरेन्द्र मोदी जो देश के 135 करोड़ जनता की सेवा करते हैं और उनके लिए ‘नीच’ शब्द का प्रयोग करना बताता है कि आम आदमी पार्टी प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी की लोकप्रियता से कितनी बौखला गई है।
यही नही भाजपा का कहना है कि जो व्यक्ति लगातार देश के हर घर के अंदर सभी को वैक्सीन लगे इसके लिए काम करता हो, विकास में हर व्यक्ति भागीदार हो उसके लिए काम करता हो, कोरोना के समय में मुफ्त राशन देना हो या फिर उज्जवला योजना से 9 करोड़ से अधिक महिलाओं को गैस सिलेंडर देना और 11 करोड़ से अधिक इज्जत घर बनाकर देना ये सारी बातें केजरीवाल और उनकी पार्टी को बर्दाश्त नहीं हो रही हैं। गुजरात में केजरीवाल के बयान पर भी सवाल उठाते हुए भाजपा ने कहा कि अपनी हार में बौखलाएं केजरीवाल गुजरातियों से बदला लेने और उन्हें कंस की औलाद कह रहे हैं और खुद को भगवान का अवतार बता रहे हैं, इससे सिर्फ गुजरात ही नहीं बल्कि पूरे देश की भावनाएं आहत हुई हैं।
भाजपा ने कहा कि आम आदमी पार्टी के नेता प्रधानमंत्री के बारे में तो बोल ही रहे हैं लेकिन भगवान राम और कृष्ण, ब्रम्हा, गौरी, गणेश जैसे देवी-देवताओं को भी नहीं बख्श रहे हैं। आज गुजरात में लोगों का कोई समर्थन न मिलने के कारण बौखलाई आम आदमी पार्टी इस तरह की बातें कर रही हैं। गुजरात के आप अध्यक्ष इटालिया केजरीवाल के बेहद करीब माने जाते हैं और इस तरह के बयान देने के बाद उन्होंने ना ही अब तक इसपर सफाई दी है और ना ही किसी तरह माफी मांगी है।
आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने इटालिया का बचाव करते हुए कहा कि इटालिया के ऊपर आज पूरी बीजेपी टारगेट कर रही है और उन्हें कई तरह की धमकियां मिल रही है। इटालिया उस पटेल समाज से आते हैं जिनको भाजपा ने गोलियों से भुनवाया था। और आज जब वे हकीकत को बयां कर रहे हैं तो उन्हें धमकी दी जा रही है।
Author: AK
! Let us live and strive for freedom ! Freelance Journalist ! Politics ! News Junky !












