
JOIN OUR WHATSAPP GROUP
ईडी (प्रवर्तन निदेशालय) ने झारखंड में अवैध खनन माफियाओं पर कार्रवाई के दौरान माफियाओं के पास से एक पानी का जहाज जब्त किया है। सूत्रों के अनुसार ईडी ने झारखंड में अवैध खनन और जबरन वसूली से संबंधित मामले के संबंध में इंफ्रालिंक- 3 जहाज जब्त किया है। और करीब 30 करोड़ रुपये के जहाज का कथित तौर पर झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के करीबी पंकज मिश्रा इस्तेमाल कर रहे थे। यह जहाज सुकरगढ़ घाट, साहेबगंज से बिना किसी परमिट के अवैध रूप से संचालित किया जा रहा था। ईडी की तरफ से कहा गया है कि, मंगलवार को किए गए एक तलाशी अभियान के दौरान पोत को जब्त कर लिया गया है।
बता दें कि ईडी ने पंकज मिश्रा को 19 जुलाई को गिरफ्तार किया था, उन्हें 1 अगस्त तक ईडी की हिरासत में भेजा गया था। ईडी ने 50 बैंक खातों में पड़ी 13.32 करोड़ रुपये की नकदी, 5.34 करोड़ रुपये की बेहिसाब नकदी, अवैध रूप से संचालित स्टोन क्रशर और मिश्रा, यादव और उनके सहयोगियों से संबंधित विभिन्न आपत्तिजनक दस्तावेजों की जब्ती की थी ।
अवैध खनन के लिए होता था इस जहाज का उपयोग :
मिली जानकारी के अनुसार राजेश यादव उर्फ दाहू यादव के कहने पर इस जहाज का संचालन पंकज मिश्रा और अन्य की मिलीभगत से अवैध रूप से खनन किए गए पत्थरों को ले जाने के लिए किया जा रहा था। अधिकारी ने बताया कि जहाज के मालिक के खिलाफ बंगाल फेरी एक्ट की धारा 25, 30 और आईपीसी की धारा 188, 282, 420 के तहत मुफस्सिल थाने में एफआईआर दर्ज की गई है। इसी तरह इस संबंध में 26 जुलाई को आईपीसी की धारा 379 और 414 के तहत गिरवाबाड़ी, साहेबगंज में भी एफआईआर दर्ज कराई गई थी।
Author: AK
! Let us live and strive for freedom ! Freelance Journalist ! Politics ! News Junky !












