जीएसटी काउंसिल की 44वीं बैठक आज, कोरोना वैक्सीन की कीमत कम होने की उम्मीद

केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण की अध्यक्षता में आज जीएसटी काउंसिल की 44वीं बैठक बुलाई गई है। इस बैठक में सभी राज्यों के वित्त मंत्री शामिल होंगे। इस बैठक का एजेंडा काउंसिल के मंत्रिसमूह की उस रिपोर्ट पर विचार कर फ़ैसला लेने का है जो कोरोना उपचार और संक्रमण की रोकथाम में काम आने वाले उपकरणों और वैक्सीन पर लगने वाले जीएसटी रेट के बारे में है। इस मंत्रिसमूह का गठन पिछले महीने की 28 तारीख़ को हुई पिछली जीएसटी काउंसिल की बैठक में किया गया था।इसमें मेघालय के मुख्यमंत्री और वित्तमंत्री कोनराड संगमा कमिटी के संयोजक बनाए गए थे जबकि महाराष्ट्र और गुजरात के उपमुख्यमंत्री के अलावा गोवा , उत्तरप्रदेश , तेलंगाना , ओडिसा और केरल के वित्त मंत्री मंत्रिसमूह के सदस्य बनाए गए थे। इसका मुख्य काम कोरोना से राहत देने वाले उपकरणों और दवाइयों पर जीएसटी दर की समीक्षा कर सिफारिश देना था। जिसके बाद मंत्रिसमूह ने 7 जून को अपनी रिपोर्ट सौंप दी है जिस पर आज की बैठक में चर्चा की जाएगी।
वहीं सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक़ मंत्रिसमूह ने वैक्सीन पर लगने वाले जीएसटी दर में किसी भी बदलाव की अनुशंसा नहीं की है। अगर मंत्रिसमूह की ये अनुशंसा आज के इस बैठक में मान ली जाती है तो वैक्सीन की क़ीमत में कमी होने की उम्मीद होगी।
Author: AK
! Let us live and strive for freedom ! Freelance Journalist ! Politics ! News Junky !



















