आमसभा में सैकड़ों दुकानदारों ने रखीं अपनी मांगें, अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई में भेदभाव का भी लगाया आरोप.
जहानाबाद। शहर के फुटपाथ दुकानदारों की विभिन्न समस्याओं को सार्वजनिक रूप से प्रशासन और नगर परिषद के समक्ष रखने के उद्देश्य से शनिवार को फुटपाथ दुकानदार संघ की ओर से आमसभा का आयोजन किया गया। नेशनल एसोसिएशन ऑफ स्ट्रीट वेंडर्स ऑफ इंडिया (नास्वी) के संस्थापक अरविंद सिंह के मार्गदर्शन में आयोजित इस आमसभा की अध्यक्षता संघ के जिला अध्यक्ष अरविंद कुमार चोपड़ा ने की। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल नगर परिषद के उपमुख्य पार्षद पिंटू रजक को अंगवस्त्र और पुष्प भेंटकर सम्मानित किया गया।आमसभा में शहर के सैकड़ों फुटपाथ दुकानदारों ने अपनी समस्याओं को बारी-बारी से रखा। इस दौरान मीट, मुर्गा और मछली मंडी मार्केट कमेटी के अध्यक्ष राजेश पंडित के नेतृत्व में मोहम्मद अशरफ, मोहम्मद इनाम, संजय कुमार, राजेंद्र राम और दीपक कुमार ने मंडी की समस्याओं से उपमुख्य पार्षद को अवगत कराया। दुकानदारों ने मंडी में पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था, नालियों की नियमित सफाई और पेयजल की सुविधा उपलब्ध कराने की मांग की। इन समस्याओं पर उपमुख्य पार्षद ने तत्काल संज्ञान लेते हुए युद्ध स्तर पर समाधान कराने का आश्वासन दिया।
वहीं, कृषि सब्जी मंडी मार्केट कमेटी के अध्यक्ष मुकेश कुमार के साथ किशोर कुमार, राजकुमार, रमेश कुमार, पवन कुमार, अखिलेश कुमार और गोल्डन कुमार ने सब्जी मंडी के आसपास नियमित साफ-सफाई कराने और प्रकाश की समुचित व्यवस्था करने की मांग उठाई।
आमसभा में संघ के जिला अध्यक्ष अरविंद कुमार चोपड़ा ने नगर परिषद की अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई पर गंभीर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि अतिक्रमण हटाने के दौरान नियमों का समान रूप से पालन नहीं किया जाता है। कुछ दुकानदारों को कथित तौर पर इसलिए निशाना बनाया जाता है, क्योंकि वे नगर परिषद के कर्मचारियों की अनुचित मांगों के आगे झुकने के बजाय अपने सामान का भुगतान करने की बात करते हैं। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि कुछ दुकानदारों को कार्रवाई से पहले फोन के माध्यम से सूचना दे दी जाती है, जबकि अन्य दुकानदारों को बिना पूर्व सूचना के हटाया जाता है।उन्होंने कहा कि नगर परिषद की ओर से जिन फुटपाथ दुकानदारों को वेंडर प्रमाणपत्र जारी किया गया है, उन्हें अतिक्रमण के नाम पर हटाना उचित नहीं है। अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई में कानून का पूरी तरह पालन होना चाहिए और किसी के साथ भेदभाव नहीं किया जाना चाहिए। संघ ने इन सभी मुद्दों को उपमुख्य पार्षद के समक्ष क्रमबद्ध तरीके से रखते हुए निष्पक्ष कार्रवाई और फुटपाथ दुकानदारों की समस्याओं के स्थायी समाधान की मांग की। अरविंद कुमार चोपड़ा ने कहा कि लंबे समय से दुकानदारों की समस्याओं की अनदेखी की जा रही है। यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो उप विकास आयुक्त और जिला परिषद से संबंधित समस्याओं को लेकर भी आंदोलन की रणनीति तैयार की जाएगी। आमसभा में दुकानदारों ने एकजुट होकर अपने अधिकारों और सुविधाओं के लिए आवाज बुलंद करने का संकल्प लिया।
Jehanabad News: Street vendors raise their concerns; Deputy Chairperson assures a resolution.



















