सही वित्तीय ज्ञान, बनाये राह आसान’ थीम पर पटना में दो दिवसीय आवासीय प्रशिक्षण शुरू, बजट बनाने और बचत करने के बताए गए व्यावहारिक तरीके
पटना, 25 नवंबर। ग्रामीण क्षेत्रों में वित्तीय साक्षरता को बढ़ावा देने और लोगों को आर्थिक रूप से जागरूक बनाने के उद्देश्य से ‘ग्लासेस फॉर लाइवलीहुड्स’ परियोजना के तहत बुधवार को पटना में दो दिवसीय आवासीय प्रशिक्षण कार्यक्रम की शुरुआत हुई। यह प्रशिक्षण 25 और 26 नवंबर को पटना स्थित होटल मंत्रा में आयोजित किया जा रहा है। कार्यक्रम का मुख्य संदेश ‘सही वित्तीय ज्ञान, बनाये राह आसान’ रखा गया है। इसमें जहानाबाद जिले की बराबर, प्रयत्न और सागर फेडरेशन से जुड़े कुल 40 वित्तीय साक्षरता सामुदायिक संसाधन व्यक्तियों (FL-CRPs) को प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
यह कार्यक्रम डीबीएस (DBS) और पीसीआई इंडिया (PCI India) के सहयोग से संचालित किया जा रहा है। प्रशिक्षण का उद्देश्य सामुदायिक संसाधन व्यक्तियों को वित्तीय प्रबंधन से जुड़ी जरूरी जानकारी और व्यावहारिक कौशल प्रदान करना है, ताकि वे अपने-अपने क्षेत्रों में लोगों को आर्थिक रूप से जागरूक कर सकें। प्रशिक्षण के पहले दिन प्रतिभागियों को बजट निर्माण, वित्तीय लक्ष्य निर्धारित करने, खर्च का प्रबंधन करने और नियमित बचत की आदत विकसित करने जैसे महत्वपूर्ण विषयों की जानकारी दी गई।
प्रशिक्षण सत्र के दौरान बताया गया कि परिवार की आमदनी के अनुसार मासिक बजट तैयार करना बेहतर आर्थिक प्रबंधन की पहली सीढ़ी है। इसके लिए घर के जरूरी खर्च, व्यवसाय से जुड़े खर्च, भविष्य के लक्ष्यों के लिए बचत और आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के लिए अलग से धनराशि का प्रावधान करना जरूरी है। प्रतिभागियों को इन सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए व्यावहारिक रूप से मासिक बजट तैयार करने की प्रक्रिया भी समझाई गई।
प्रशिक्षण में इस बात पर विशेष जोर दिया गया कि आमदनी चाहे जितनी भी हो, यदि उसका सही तरीके से प्रबंधन किया जाए तो परिवार अपनी जरूरतों को पूरा करने के साथ-साथ भविष्य के लिए भी बचत कर सकता है। वहीं, बिना योजना के खर्च करने से आर्थिक परेशानियां बढ़ सकती हैं। ऐसे में आय और व्यय के बीच संतुलन बनाए रखना तथा छोटे-छोटे वित्तीय लक्ष्य निर्धारित करना जरूरी है।
दो दिवसीय प्रशिक्षण पूरा करने के बाद सभी 40 प्रशिक्षित सामुदायिक संसाधन व्यक्ति अपने-अपने क्षेत्रों में जाकर ग्रामीण परिवारों, महिलाओं और छोटे व्यवसाय से जुड़े लोगों को वित्तीय साक्षरता के प्रति जागरूक करेंगे। वे लोगों को आमदनी के अनुरूप बजट बनाने, अनावश्यक खर्चों पर नियंत्रण रखने, नियमित बचत करने और आपातकालीन जरूरतों के लिए धन सुरक्षित रखने के बारे में जानकारी देंगे। इस पहल से ग्रामीण स्तर पर वित्तीय जागरूकता बढ़ने के साथ परिवारों और छोटे व्यवसायों को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने में मदद मिलने की उम्मीद है। प्रशिक्षण के माध्यम से सामुदायिक संसाधन व्यक्तियों को इस योग्य बनाया जा रहा है कि वे वित्तीय प्रबंधन की जानकारी को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाकर उन्हें बेहतर आर्थिक निर्णय लेने के लिए प्रेरित कर सकें।
Bihar News: 40 community resource persons are being trained on financial literacy



















