अब्दुलबारी नगर भवन में जदयू ने मनाया सुशासन दिवस, विधायक ऋतुराज कुमार ने कहा- 2005 के बाद बदली बिहार की तस्वीर और लोगों की जिंदगी
जहानाबाद। जनता दल यूनाइटेड की जिला इकाई की ओर से मंगलवार को स्थानीय अब्दुलबारी नगर भवन में राज्यव्यापी सुशासन दिवस के तहत ‘नीतीश संवाद’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बिहार में नीतीश कुमार के नेतृत्व में पिछले दो दशकों के दौरान हुए विकास कार्यों और सरकार की उपलब्धियों पर विस्तार से चर्चा की गई। वक्ताओं ने 2005 के बिहार और वर्तमान बिहार की स्थिति की तुलना करते हुए सड़क, बिजली, शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला सशक्तीकरण, कानून-व्यवस्था और सामाजिक न्याय के क्षेत्र में हुए बदलावों को कार्यकर्ताओं के बीच रखा।
कार्यक्रम की अध्यक्षता जदयू जिलाध्यक्ष प्रो. सुशील कुमार सिन्हा ने की। मुख्य वक्ता के रूप में बिहार सरकार के अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री सह जहानाबाद के प्रभारी मंत्री मोहम्मद जमा खान शामिल हुए। वहीं, घोसी विधायक ऋतुराज कुमार की भी उपस्थिति रही। कार्यक्रम में पार्टी के जिला, प्रखंड एवं पंचायत स्तर के पदाधिकारियों के साथ विभिन्न प्रकोष्ठों के प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रभारी मंत्री मोहम्मद जमा खान ने कहा कि 24 नवंबर 2005 बिहार के राजनीतिक और विकास के इतिहास में महत्वपूर्ण दिन है। इसी दिन नीतीश कुमार ने मुख्यमंत्री के रूप में राज्य की जिम्मेदारी संभाली थी। उनके नेतृत्व में बिहार ने विकास और सुशासन की दिशा में नई यात्रा शुरू की। एक समय बिहार की पहचान अराजकता, जातीय संघर्ष, कमजोर कानून-व्यवस्था और बदहाल आधारभूत संरचना के रूप में होती थी, लेकिन पिछले दो दशकों में राज्य की तस्वीर में व्यापक बदलाव आया है।
उन्होंने कहा कि सड़क, बिजली, शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला सशक्तीकरण और आधारभूत संरचना के क्षेत्र में हुए कार्य बिहार की विकास यात्रा के महत्वपूर्ण पड़ाव हैं। आज गांवों तक सड़कें पहुंची हैं और घरों तक बिजली उपलब्ध हुई है। जीविका और स्वरोजगार के माध्यम से महिलाएं आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनने की दिशा में आगे बढ़ रही हैं। सुशासन का मतलब केवल प्रशासनिक व्यवस्था को बेहतर बनाना नहीं, बल्कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास और सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना है।
बिहार में बदली लोगों की जिंदगी : ऋतुराज कुमार
घोसी विधायक ऋतुराज कुमार ने कहा कि नीतीश कुमार के नेतृत्व में पिछले दो दशकों में बिहार ने विकास की नई पहचान बनाई है। महिला सशक्तीकरण, युवाओं के लिए अवसर, शिक्षा का विस्तार, ग्रामीण सड़कों का निर्माण और सामाजिक सद्भाव के क्षेत्र में किए गए कार्यों का असर राज्य के सामाजिक और आर्थिक जीवन पर स्पष्ट रूप से दिखाई देता है।
उन्होंने कहा कि 24 नवंबर 2005 वह ऐतिहासिक दिन था, जिसके बाद बिहार में आम लोगों की जिंदगी में बदलाव आना शुरू हुआ। एक समय ऐसा था जब लोग घर से बाहर निकलने में भी असुरक्षित महसूस करते थे, लेकिन अब लोगों के जीवन में सुरक्षा और भरोसे का माहौल बना है। विकास की इस यात्रा को आगे बढ़ाने के लिए जनप्रतिनिधियों, पार्टी कार्यकर्ताओं और आम नागरिकों की सामूहिक भागीदारी जरूरी है।
बदलावों को जनता तक पहुंचाना संगठन की जिम्मेदारी : जिलाध्यक्ष
जदयू जिलाध्यक्ष प्रो. सुशील कुमार सिन्हा ने कहा कि 24 नवंबर केवल एक तारीख नहीं, बल्कि बिहार में विकास और सुशासन की शुरुआत का प्रतीक है। नीतीश कुमार के नेतृत्व में शुरू हुई विकास यात्रा ने राज्य के सामाजिक, आर्थिक और राजनीतिक परिदृश्य में महत्वपूर्ण परिवर्तन किए हैं। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और उपलब्धियों को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाने तथा आम लोगों के साथ निरंतर संवाद बनाए रखने की अपील की।
कार्यक्रम के दौरान अन्य वक्ताओं ने भी नीतीश कुमार के सार्वजनिक जीवन, मुख्यमंत्री के रूप में उनके कार्यकाल और इस दौरान शुरू की गई विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं पर अपने विचार रखे। कार्यक्रम के माध्यम से पार्टी ने सुशासन, विकास, सामाजिक न्याय और जनभागीदारी के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।
कार्यक्रम के अंत में जिलाध्यक्ष ने प्रभारी मंत्री मोहम्मद जमा खान, विधायक ऋतुराज कुमार, पार्टी के वरिष्ठ नेताओं, पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और मीडिया प्रतिनिधियों के प्रति आभार व्यक्त किया। इस मौके पर प्रखंड अध्यक्ष रणधीर पटेल, रामप्रवेश कुशवाहा, विनय विद्यार्थी, प्रेम कुमार, मुकुल पटेल, राजेश शर्मा, अतुल कश्यप, विनोद केशरी सहित विभिन्न प्रखंडों एवं पंचायतों के अध्यक्ष, विभिन्न प्रकोष्ठों के प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे।
Jehanabad News: Nitish highlights 20 years of achievements through ‘Nitish Samvad’ (dialogue); Minister-in-charge Jama Khan states that Bihar has forged a new identity centered on development and good governance.



















