नीतीश सेतु का उद्घाटन, जहानाबाद में 25 लाभार्थियों को सौंपी गई प्रधानमंत्री आवास योजना की चाबी
जहानाबाद। बिहार सरकार के एक वर्ष पूरे होने के अवसर पर राज्य को विकास की नई सौगात मिली। शनिवार को वैशाली जिले के जन्दाहा-ताजपुर-पटोरी-महुआ औद्योगिक क्षेत्र में आयोजित कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लगभग 34 हजार करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं का शिलान्यास, उद्घाटन और शुभारंभ किया। इस दौरान पटना और वैशाली को जोड़ने वाले छह लेन के ग्रीनफील्ड नीतीश सेतु का भी उद्घाटन किया गया। कार्यक्रम का सीधा प्रसारण जहानाबाद समाहरणालय स्थित ग्राम प्लेक्स भवन में किया गया।
जिला पदाधिकारी छिरिङ वाई भूटिया के नेतृत्व में आयोजित प्रसारण कार्यक्रम में घोसी विधायक ऋतुराज कुमार सहित जनप्रतिनिधि, पदाधिकारी और गणमान्य लोग शामिल हुए। कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री शहरी आवास योजना के तहत जहानाबाद जिले के 25 लाभार्थियों को पूर्ण आवास की चाबी सौंपी गई। इससे लाभार्थियों को अपने पक्के मकान का सपना पूरा होने की खुशी मिली।
कार्यक्रम में बताया गया कि नीतीश सेतु के निर्माण से गंगा के उत्तर और दक्षिण क्षेत्र के बीच आवागमन आसान होगा। इससे व्यापार, उद्योग और रोजगार के नए अवसर विकसित होंगे। साथ ही राज्य में आधारभूत संरचना को मजबूती मिलेगी और स्थानीय अर्थव्यवस्था को गति मिलेगी।
इस अवसर पर बिहार सरकार के एक वर्ष की प्रमुख उपलब्धियों और आगामी विकास योजनाओं को भी प्रदर्शित किया गया। इनमें 700 सरकारी सेवाओं को आम लोगों तक पहुंचाने की पहल, 211 नए डिग्री कॉलेजों की स्थापना, प्रत्येक माह की 10 तारीख को पेंशन दिवस, विद्यार्थी सहयोग पोर्टल, पुलिस दीदी की पहल और 12 सैटेलाइट टाउनशिप विकसित करने की योजना प्रमुख रही।
इसके अलावा इलेक्ट्रिक वाहन, सेमीकंडक्टर, जीसीसी और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) नीति-2026, बायोफ्यूल एवं कम्प्रेस्ड बायोगैस उत्पादन को प्रोत्साहन, कृषि फीडर का सोलराइजेशन और ई-कैबिनेट प्रणाली जैसी पहलों की जानकारी दी गई। उद्योग और भवन निर्माण से संबंधित स्वीकृतियां 30 दिनों के भीतर उपलब्ध कराने की पहल को भी सरकार की महत्वपूर्ण उपलब्धि के रूप में प्रस्तुत किया गया।
कार्यक्रम में महिला सशक्तीकरण, रोजगार सृजन, औद्योगिक विस्तार, शिक्षा, तकनीकी विकास और जनकल्याणकारी योजनाओं पर विशेष जोर दिया गया। जहानाबाद जिले से लगभग आठ हजार जीविका दीदियां विभिन्न वाहनों से वैशाली पहुंचकर मुख्य कार्यक्रम में शामिल हुईं। इस मौके पर उप विकास आयुक्त आदित्य कुमार पियूष, जिला कार्यक्रम क्रियान्वयन समिति के उपाध्यक्ष कुमार सागर उर्फ दिलीप कुशवाहा, अजय देव, नगर परिषद की मुख्य पार्षद रूपा देवी, वार्ड पार्षद रितेश कुमार उर्फ चुन्नू शर्मा, भूमि सुधार उप समाहर्ता आमू अमला, वरीय उप समाहर्ता नेहा कुमारी सहित विभिन्न नगर निकायों के कार्यपालक पदाधिकारी, अन्य जनप्रतिनिधि, पदाधिकारी और आवास योजना के लाभार्थी उपस्थित रहे।
Jehanabad News: Bihar’s development journey gains new momentum; Prime Minister gifts projects worth ₹34,000 crore.



















