मां दुर्गा की आरती के साथ कार्यक्रम का हुआ शुभारंभ, भारतीय संस्कृति और परंपराओं की दिखी झलक
जहानाबाद। उत्तरी गांधी मैदान स्थित महर्षि विद्या पीठ में नवरात्र के पावन अवसर पर डांडिया महोत्सव का आयोजन हर्षोल्लास और उत्साह के साथ किया गया। इस सांस्कृतिक कार्यक्रम में विद्यालय के छात्र-छात्राओं के साथ उनके अभिभावकों ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। रंग-बिरंगे पारंपरिक परिधानों में सजे प्रतिभागियों ने डांडिया की मनमोहक प्रस्तुतियों से समां बांध दिया। कार्यक्रम का शुभारंभ मां दुर्गा की आरती के साथ हुआ। इसके बाद संगीत की मधुर धुनों पर छात्र-छात्राओं और अभिभावकों ने डांडिया नृत्य प्रस्तुत किया। पूरे विद्यालय परिसर में भक्तिमय और उत्सवपूर्ण माहौल देखने को मिला। पारंपरिक वेशभूषा में सजे विद्यार्थियों ने अपने नृत्य के माध्यम से भारतीय संस्कृति और लोक परंपराओं की सुंदर झलक पेश की। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया और आयोजन का आनंद उठाया। इस अवसर पर विद्यालय के निदेशक साकेत रौशन ने कहा कि डांडिया महोत्सव का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को भारतीय संस्कृति, लोक परंपराओं और त्योहारों के महत्व से परिचित कराना है। ऐसे आयोजनों से बच्चों में आपसी सहयोग, एकता और सांस्कृतिक मूल्यों के प्रति सम्मान की भावना विकसित होती है। वहीं, विद्यालय की प्राचार्या सोनाली शर्मा ने कार्यक्रम में शामिल छात्र-छात्राओं और अभिभावकों के उत्साह एवं प्रतिभा की सराहना की। उन्होंने कहा कि इस तरह के सांस्कृतिक कार्यक्रम विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के साथ-साथ सामूहिक रूप से सीखने और अपनी परंपराओं से जुड़ने का अवसर प्रदान करते हैं। डांडिया महोत्सव ने विद्यालय के शैक्षणिक वातावरण को उत्सवी रंगों से भर दिया। कार्यक्रम ने विद्यार्थियों, शिक्षकों और अभिभावकों के बीच आपसी जुड़ाव को मजबूत करने के साथ भारतीय संस्कृति के प्रति सम्मान का संदेश भी दिया।
Jehanabad News: Dandiya festival celebrated with great enthusiasm at Maharishi Vidya Peeth; students and parents, dressed in vibrant, colorful attire, danced with gusto.



















