जहानाबाद। काको अंचल में शनिवार को आयोजित शनिवारीय जनता दरबार में जिला पदाधिकारी छिरिङ वाई भूटिया ने आमजनों की समस्याएं सुनीं। जनता दरबार में दाखिल-खारिज, परिमार्जन, लगान संबंधी त्रुटि और भूमि विवाद से जुड़े कुल 34 राजस्व मामले प्राप्त हुए। इनमें छह द्विपक्षीय मामलों की सुनवाई जिला पदाधिकारी ने की।
सुनवाई के दौरान बालमुकुंद शाह के मामले में अंचल अमीन और संबंधित राजस्व कर्मचारी को स्थल जांच कर रिपोर्ट सौंपने का निर्देश दिया गया। कांति देवी के मकान निर्माण में व्यवधान से जुड़े मामले में दोनों पक्षों को नोटिस जारी कर अगली तिथि पर सुनवाई के लिए उपस्थित कराने को कहा गया।
ग्राम सिकरिया, पोस्ट बरामा निवासी बिरेंद्र कुमार के बिहार सरकार की भूमि पर अतिक्रमण से संबंधित मामले में स्थल जांच कर रिपोर्ट देने का निर्देश दिया गया। वहीं, कमिंदर राम के खाता, खेसरा और रकबा से संबंधित मामले में अमीन के मापी प्रतिवेदन के आधार पर अभिलेख अद्यतन करने को कहा गया।
ग्राम बढ़ौना निवासी राहुल कुमार के अतिक्रमण संबंधी मामले में पुलिस बल की मांग करते हुए अतिक्रमण हटाने की तिथि निर्धारित करने का निर्देश दिया गया। वहीं, ग्राम अशिया निवासी नरेश शर्मा के अतिक्रमण मामले में अंचलाधिकारी काको को स्थल जांच कर नियमानुसार कार्रवाई करने को कहा गया।
जनता दरबार में प्राप्त अन्य मामलों की भी संबंधित अभिलेखों और तथ्यों के आधार पर जांच कर समयबद्ध तरीके से नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश जिला पदाधिकारी ने अधिकारियों को दिया। मौके पर काको के अंचलाधिकारी, राजस्व अधिकारी, थानाध्यक्ष काको, थानाध्यक्ष पाली और थानाध्यक्ष भेलावर समेत जिला एवं अंचल स्तर के अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।
Jehanabad News: ‘Janata Darbar’ held in Kako; 34 revenue cases heard.



















