जहानाबाद। हुलासगंज प्रखंड की मुर्गाव पंचायत के वार्ड संख्या-10 में महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान, स्वावलंबन और सशक्तिकरण को लेकर ‘सखी वार्ता’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिला प्रशासन एवं महिला एवं बाल विकास मंत्रालय के दिशा-निर्देश पर आयोजित कार्यक्रम में ग्रामीणों के साथ आंगनवाड़ी सेविकाओं और सहायिकाओं ने भाग लिया।
कार्यक्रम में जेंडर स्पेशलिस्ट शैलेश कुमार और केस वर्कर अंजुसा कुमारी ने मिशन शक्ति एवं मुख्यमंत्री नारी शक्ति योजना के तहत संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी। महिलाओं को उनके कानूनी अधिकार, सुरक्षा व्यवस्था और आत्मनिर्भरता से जुड़े प्रावधानों के बारे में भी बताया गया।
इस दौरान वन स्टॉप सेंटर (सखी केंद्र) के माध्यम से हिंसा या उत्पीड़न से पीड़ित महिलाओं को मिलने वाली पुलिस सहायता, चिकित्सीय सुविधा, कानूनी सहयोग, मनोवैज्ञानिक परामर्श और अल्पकालिक सुरक्षित आश्रय की जानकारी दी गई। इसके अलावा जिला हब फॉर एम्पावरमेंट ऑफ विमेन (DHEW), बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, मुख्यमंत्री कन्या उत्थान योजना और सामाजिक पुनर्वास योजना के लाभ, पात्रता एवं आवेदन प्रक्रिया के बारे में ग्रामीणों को जागरूक किया गया।
कार्यक्रम में महिला हेल्पलाइन 181 और आपातकालीन प्रतिक्रिया सेवा 112 की जानकारी देते हुए जरूरत पड़ने पर इनका उपयोग करने के लिए प्रेरित किया गया। वक्ताओं ने बाल विवाह, दहेज प्रथा, लैंगिक भेदभाव और महिलाओं के खिलाफ हिंसा जैसी सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ सामूहिक भागीदारी की आवश्यकता पर जोर दिया।
ग्रामीणों से बालिकाओं को शिक्षा और समान अवसर उपलब्ध कराने तथा महिलाओं के सम्मान और सुरक्षा के प्रति संवेदनशील माहौल बनाने की अपील की गई। कार्यक्रम के माध्यम से जागरूकता, सुरक्षा और आत्मनिर्भरता को महिला सशक्तिकरण का आधार बताया गया।
Jehanabad News: ‘Sakhi Varta’ organized in Murgaon Panchayat; women informed about welfare schemes.



















