जहानाबाद। सदर प्रखंड के अमैन पंचायत अंतर्गत कोसडिहरा गांव में महिलाओं की आंखों की जांच एवं चश्मा वितरण को लेकर शिविर का आयोजन किया गया। ग्लासेस फॉर लाइवलीहुड प्रोजेक्ट के तहत डीबीएस एवं पीसीआई के सहयोग से आयोजित इस शिविर में 205 महिलाओं को जांच के बाद चश्मा प्रदान किया गया।
शिविर का शुभारंभ पीसीआई के प्रोजेक्ट मैनेजर एजाज अहमद, पीसीआई के संदीप कुमार, वार्ड सदस्य, समिति की अध्यक्ष नीतू कुमारी, भोला सिंह, संतोष कुमार सहित अन्य गणमान्य लोगों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। शिविर में बड़ी संख्या में महिलाओं ने हिस्सा लिया। चश्मा मिलने के बाद महिलाओं के चेहरे पर खुशी देखने को मिली। उन्होंने संस्था के सदस्यों के प्रति आभार जताते हुए इस पहल की सराहना की।
इस अवसर पर समिति के सीओ भोला प्रसाद एवं एफडीई संतोष कुमार ने बताया कि संस्था का मुख्य उद्देश्य महिलाओं को सशक्त और आत्मनिर्भर बनाना है। इसके लिए संस्था से जुड़ी महिलाओं को रोजगारोन्मुख गतिविधियों से जोड़कर आत्मनिर्भर बनाने का लगातार प्रयास किया जा रहा है। महिलाओं को बकरी पालन, मुर्गी पालन, मशरूम उत्पादन, अचार निर्माण सहित विभिन्न कार्यों के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि इसी कड़ी में महिलाओं के स्वास्थ्य, विशेषकर आंखों की रोशनी को लेकर भी पहल की जा रही है। संस्था द्वारा 35 वर्ष से अधिक उम्र की महिलाओं की आंखों की जांच कर जरूरत के अनुसार उन्हें चश्मा उपलब्ध कराया जा रहा है, ताकि उन्हें दैनिक जीवन में होने वाली दृष्टि संबंधी परेशानियों से राहत मिल सके।
संस्था के प्रतिनिधियों ने बताया कि अब तक जिले के विभिन्न गांवों में 25 से अधिक शिविर आयोजित किए जा चुके हैं, जिनके माध्यम से करीब 5,000 लोगों को चश्मे वितरित किए गए हैं। यह अभियान आगे भी जारी रहेगा और अधिक से अधिक जरूरतमंद महिलाओं तक इसका लाभ पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।
शिविर में संस्था की ओर से दीपक कुमार, चंद्रकांत कुमार, जूली कुमारी, रिया कुमारी, रुक्मिणी देवी एवं संतोष कुमार सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
Jehanabad News: Organization works to restore eyesight; distributes spectacles to 205 women.



















