घोसी। नशे के खिलाफ जहानाबाद पुलिस ने अपनी मुहिम तेज कर दी है। पुलिस अधीक्षक, जहानाबाद के निर्देश पर बुधवार, 9 सितंबर 2026 को घोसी थाना परिसर में ‘मिशन चबूतरा’ के तहत पुलिस पदाधिकारियों एवं कर्मियों की ब्रीफिंग आयोजित की गई। थानाध्यक्ष एवं अंचल निरीक्षक ने पुलिसकर्मियों को नशे के सेवन और अवैध कारोबार पर प्रभावी रोक लगाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
ब्रीफिंग के दौरान विशेष रूप से स्मैक एवं अन्य सूखे नशीले पदार्थों के सेवन, बिक्री और कारोबार पर रोक लगाने को लेकर लगातार छापेमारी करने तथा संलिप्त लोगों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया। पुलिस अधिकारियों ने क्षेत्र में नशे के संभावित ठिकानों और कारोबारियों पर नजर रखने के साथ-साथ सूचना तंत्र को मजबूत करने का निर्देश दिया।
बैठक में डायल-112 एवं पुलिस दीदी की टीम भी मौजूद रही। पुलिस की ओर से आम लोगों से भी अपील की गई कि नशीले पदार्थों के सेवन अथवा अवैध कारोबार से संबंधित किसी भी प्रकार की जानकारी पुलिस को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।
पुलिस का उद्देश्य युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाकर समाज को सुरक्षित बनाना है। ‘नशे के खिलाफ जहानाबाद पुलिस की मुहिम—सुरक्षित युवा, उज्ज्वल भविष्य’ के संदेश के साथ अभियान को लगातार प्रभावी बनाने पर जोर दिया जा रहा है।
Jehanabad News: Jehanabad Police gear up under ‘Mission Chabutra’; strict action to be taken against the trade of dry intoxicants.



















