जहानाबाद शहर के ऊंटा मोड़ स्थित एक कोचिंग संस्थान में मंगलवार को ए-वन प्रकाशन की ओर से सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बारहवीं कक्षा के 16 मेधावी विद्यार्थियों को मेडल और प्रश्न बैंक एवं गेस पेपर जैसी शैक्षणिक पुस्तकें देकर सम्मानित किया गया। सम्मान मिलने के बाद विद्यार्थियों में उत्साह और खुशी देखने को मिली।
कार्यक्रम का संचालन प्रकाशन के जिला प्रभारी संतोष केशरी ने किया। इस दौरान प्रकाशन के मार्केटिंग हेड विशाल प्रताप सिंह और कोचिंग संस्थान के संचालक ने विद्यार्थियों को सम्मानित करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। वक्ताओं ने कहा कि विद्यार्थियों की मेहनत और सफलता को सम्मान मिलने से उनका आत्मविश्वास बढ़ता है। इस तरह के आयोजन विद्यार्थियों को बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित करते हैं।
वक्ताओं ने विद्यार्थियों को परीक्षा की तैयारी से संबंधित कई महत्वपूर्ण सुझाव भी दिए। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को नियमित रूप से तीन-तीन घंटे के अध्ययन स्लॉट में पढ़ाई करने के साथ प्रश्नों के अभ्यास की आदत विकसित करनी चाहिए। इससे लंबे समय तक एकाग्र होकर पढ़ने और परीक्षा के दौरान निर्धारित समय में प्रश्नपत्र हल करने की क्षमता विकसित होती है।
उन्होंने कहा कि केवल पाठ्यक्रम की पढ़ाई करना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि परीक्षा के अनुरूप समय प्रबंधन और लगातार लिखने का अभ्यास भी सफलता के लिए महत्वपूर्ण है। विद्यार्थियों को नियमित अध्ययन, अनुशासन और निरंतर अभ्यास पर विशेष ध्यान देने की सलाह दी गई।
कार्यक्रम के दौरान बताया गया कि ए-वन प्रकाशन पिछले 42 वर्षों से शिक्षा के क्षेत्र में कार्य कर रहा है और विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शैक्षणिक सामग्री उपलब्ध कराने की दिशा में लगातार प्रयासरत है। समारोह के अंत में सभी सम्मानित विद्यार्थियों को मेहनत, लगन और अनुशासन के साथ आगे बढ़ने की शुभकामनाएं दी गईं। वक्ताओं ने विद्यार्थियों से अपनी सफलता के माध्यम से परिवार और समाज के साथ-साथ जहानाबाद जिले का नाम रोशन करने का आह्वान किया।
Jehanabad News: 16 meritorious Class 12 students felicitated.



















