जहानाबाद: शकूराबाद थाना क्षेत्र के चिकसौरा गांव में सोमवार को दर्दनाक हादसा सामने आया, जहां एक ही परिवार के तीन बच्चे खेलते-खेलते पानी से भरे पैन में डूब गए। हादसे में एक बच्चे की मौत हो गई, जबकि एक बच्ची समेत दो बच्चों का इलाज जहानाबाद सदर अस्पताल में जारी है। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे गांव में मातम का माहौल है।
बताया जा रहा है कि दीपक कुमार के तीनों बच्चे घर के आसपास खेल रहे थे। इसी दौरान खेलते-खेलते वे पानी से भरे पैन के पास पहुंच गए और देखते ही देखते तीनों बच्चे पानी में डूबने लगे। बच्चों के शोर मचाने पर आसपास मौजूद लोग मौके पर पहुंचे और काफी मशक्कत के बाद तीनों बच्चों को पानी से बाहर निकाला।
इसके बाद ग्रामीणों और परिजनों की मदद से तीनों बच्चों को तत्काल रतनी अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए उन्हें जहानाबाद सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया।
जहानाबाद सदर अस्पताल में चिकित्सक डॉ. सुनील राय ने जांच के बाद 6 वर्षीय राज बल्लम उर्फ यश राज को मृत घोषित कर दिया। वहीं 7 वर्षीय पल्लवी कुमारी और 5 वर्षीय सोनू कुमार का इलाज सदर अस्पताल में जारी है।
एक ही परिवार के तीन बच्चों के साथ हुए इस दर्दनाक हादसे से परिजन गहरे सदमे में हैं। घटना की खबर मिलते ही गांव में शोक की लहर दौड़ गई। ग्रामीणों ने शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की है।
Jehanabad News: Three children from the same family drowned; one died, while two are undergoing treatment at Sadar Hospital.



















