जहानाबाद। काको थाना क्षेत्र के मिर्जापुर गांव में मंगलवार को जमीन विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट हो गई। दोनों पक्षों के बीच हुए खूनी संघर्ष में करीब 10 लोगों के घायल होने की सूचना है। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।बताया जा रहा है कि मारपीट में एक पक्ष के अरविंद कुमार, विजय यादव, धनंजय कुमार, दीपक कुमार और प्रियंका कुमारी समेत छह लोग घायल हुए हैं। सभी घायलों को इलाज के लिए जहानाबाद सदर अस्पताल लाया गया। यहां चिकित्सकों की देखरेख में उनका इलाज किया गया। गंभीर रूप से घायल दीपक कुमार और प्रियंका कुमारी की स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए पीएमसीएच, पटना रेफर कर दिया।

वहीं, दूसरे पक्ष से द्वारिका यादव समेत चार लोगों के घायल होने की बात सामने आई है। सभी घायलों को भी इलाज के लिए सदर अस्पताल लाया गया। घटना की सूचना मिलते ही काको थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ भी शुरू की है। इधर, घटना से जुड़ा मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। पुलिस वीडियो और घटना से जुड़े अन्य साक्ष्यों की जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि मामले में जो भी लोग दोषी पाए जाएंगे, उनके खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद गांव में तनाव को देखते हुए पुलिस स्थिति पर नजर बनाए हुए है।
Jehanabad News: Bloody clash between two groups over a land dispute; 10 injured, two referred to Patna.



















