जहानाबाद। पटना-गया रेलखंड पर गुरुवार की सुबह चोरों ने रेलवे को बड़ा झटका दिया। जिले के ऊंटा-मदारपुर के समीप अज्ञात चोरों ने रेलवे की ओवरहेड हाईटेंशन बिजली लाइन का करीब 35 मीटर लंबा तार काट दिया। इस घटना के कारण डाउन लाइन पर रेल परिचालन करीब तीन घंटे तक प्रभावित रहा। सुबह लगभग 4 बजे से 7 बजे तक कई महत्वपूर्ण ट्रेनों की आवाजाही बाधित रही, जिससे यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। रेलवे अधिकारियों के अनुसार, सबसे पहले दानापुर रेल मंडल को ओवरहेड तार कटने की सूचना मिली। इसके बाद जहानाबाद के रेलवे अधिकारियों, आरपीएफ और तकनीकी टीम को तत्काल घटनास्थल पर भेजा गया। घटना ने रेलवे की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। जिस स्थान पर चोरी हुई, वहां से आरपीएफ पोस्ट और जीआरपी थाना की दूरी काफी कम है। इसके बावजूद चोर बेखौफ होकर हाईटेंशन ओवरहेड तार काटने में सफल रहे और किसी को इसकी भनक तक नहीं लगी। सूचना मिलने के बाद आरपीएफ प्रभारी प्रदीप कुमार यादव के नेतृत्व में सुरक्षा टीम मौके पर पहुंची। पुलिस के पहुंचने की आहट मिलते ही चोर फरार हो गए। तलाशी अभियान के दौरान रेलवे का कटा हुआ तार पास के एक गड्ढे से बरामद कर लिया गया।
घटना की सूचना मिलते ही पूर्व मध्य रेलवे (ईसीआर) की तकनीकी टीम विशेष वाहन से घटनास्थल पहुंची। तकनीशियनों ने क्षतिग्रस्त ओवरहेड तार की मरम्मत कर सिग्नल एवं विद्युत व्यवस्था को पुनः बहाल किया। मरम्मत कार्य पूरा होने के बाद सुबह करीब 7 बजे रेल परिचालन सामान्य हो सका। इस घटना का असर कई महत्वपूर्ण ट्रेनों पर पड़ा। गंगा-दामोदर एक्सप्रेस, हटिया-इस्लामपुर एक्सप्रेस, पलामू एक्सप्रेस और गया-पटना मेमू सहित कई ट्रेनों को विभिन्न स्टेशनों पर रोकना पड़ा, जिससे यात्रियों को लंबे समय तक इंतजार करना पड़ा। आरपीएफ प्रभारी प्रदीप कुमार यादव ने बताया कि चोरों ने करीब 35 मीटर लंबा ओवरहेड लार्ज स्पैन केबल काट दिया था, जिससे रेल परिचालन प्रभावित हुआ। मामले की गंभीरता को देखते हुए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। संदिग्धों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। रेलवे अधिकारियों ने बताया कि दोषियों के खिलाफ रेलवे अधिनियम के तहत सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए संवेदनशील क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी को और मजबूत किया जाएगा।
Jehanabad News: Thieves stole a railway high-tension line, making off with 35 meters of overhead wire; train operations were disrupted for three hours.



















