घर-घर पहुंच रहे प्रगणक, लोगों से सहयोग की अपील
भारत की जनगणना 2027 के प्रथम चरण (मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना) का कार्य 2 मई 2026 से शुरू हो गया है, जो 31 मई 2026 तक चलेगा। इस चरण में जिले के सभी 11 प्रखंडों में व्यापक स्तर पर गणना कार्य किया जा रहा है। इस दौरान सरकारी प्रगणक घर-घर जाकर लोगों से जानकारी एकत्र कर रहे हैं। इसमें परिवार के सदस्यों की संख्या, मकान की स्थिति, पानी, बिजली, शौचालय जैसी सुविधाओं सहित घरेलू संसाधनों से जुड़े लगभग 33 प्रकार के प्रश्नों के माध्यम से आवश्यक आंकड़े जुटाए जा रहे हैं। इसी क्रम में जिला पदाधिकारी सह-प्रधान जनगणना पदाधिकारी अलंकृता पाण्डेय ने जहानाबाद प्रखंड के सिकरिया पंचायत अंतर्गत कड़ौना गांव तथा काको प्रखंड के नोनही पंचायत के सुरेंद्र विगहा गांव का दौरा कर चल रहे जनगणना कार्य का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों और प्रगणकों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए और कार्य की प्रगति की समीक्षा की। डीएम ने आम नागरिकों को जनगणना के महत्व और उपयोगिता के बारे में विस्तार से जानकारी देते हुए जागरूक किया।

उन्होंने लोगों से अपील की कि वे सही और सटीक जानकारी उपलब्ध कराएं, ताकि योजनाओं के निर्माण में सटीक डेटा का उपयोग हो सके। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनगणना के दौरान प्रगणक किसी भी प्रकार का दस्तावेज—जैसे आधार, बैंक विवरण या संपत्ति से जुड़े कागजात—नहीं मांगेंगे। साथ ही न कोई पैसा, ओटीपी या किसी प्रकार का लिंक मांगा जाएगा। नागरिकों से अपील की गई कि वे किसी भी तरह की धोखाधड़ी से सतर्क रहें और संदेह होने पर 1855 टोल-फ्री नंबर पर सूचना दें। डीएम ने यह भी बताया कि जनगणना के दौरान दी गई सभी जानकारी पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी और इसका उपयोग केवल सरकारी योजनाओं एवं विकास कार्यों के लिए किया जाएगा। इस मौके पर अपर जिला जनगणना पदाधिकारी सह जिला सांख्यिकी पदाधिकारी पवन कुमार, जिला सूचना एवं जनसंपर्क पदाधिकारी निपुण कुमारी, सहायक सांख्यिकी पदाधिकारी नवीन कुमार, काको के प्रखंड विकास पदाधिकारी, प्रखंड सांख्यिकी पदाधिकारी सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे। जिला प्रशासन ने आम लोगों से अपील की है कि प्रगणक जब घर पहुंचे, तो उन्हें सहयोग करें और सही जानकारी उपलब्ध कराएं, ताकि जनगणना 2027 को सफल बनाया जा सके।
Jehanabad News: First phase of Census 2027 begins, DM Alankrita Pandey inspects












