DTO के नेतृत्व में चला अभियान, 1.92 लाख रुपये से अधिक का चालान।
जहानाबाद में सड़क सुरक्षा को लेकर विशेष वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान शहर के विभिन्न चौक-चौराहों पर नगर क्षेत्र में चलने वाले ऑटो पर खास निगरानी रखी गई और उनके दस्तावेजों की सघन जांच की गई। यह अभियान जिला परिवहन पदाधिकारी (DTO) के नेतृत्व में चलाया गया, जिसमें अपर जिला परिवहन पदाधिकारी (ADTO) करिश्मा कुमारी स्वयं सड़क पर उतरकर जांच करती नजर आईं। अभियान के दौरान ऑटो चालकों से गाड़ी का रजिस्ट्रेशन, इंश्योरेंस, परमिट, प्रदूषण प्रमाण पत्र और ड्राइविंग लाइसेंस की बारीकी से जांच की गई।

जांच के दौरान जिन वाहनों में दस्तावेजों की कमी पाई गई, उन्हें सख्त निर्देश दिए गए, जबकि कई ऑटो चालकों का चालान भी काटा गया। बताया जा रहा है कि इस अभियान के दौरान करीब 1.92 लाख रुपये से अधिक का जुर्माना वसूला गया। 30 वाहनों का लगभग चालान काटा गया। अधिकारियों ने ऑटो चालकों को चेतावनी देते हुए कहा कि सभी आवश्यक कागजात हमेशा अपडेट रखें और वाहन चलाते समय नियमों का पालन करें। साथ ही ओवरलोडिंग से बचने और निर्धारित सीट के अनुसार ही सवारी बैठाने का निर्देश दिया गया। उन्होंने स्पष्ट किया कि दोबारा नियमों का उल्लंघन करने पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। यह विशेष अभियान सड़क हादसों में हो रही बढ़ोतरी को ध्यान में रखते हुए चलाया जा रहा है। प्रशासन का कहना है कि आने वाले दिनों में भी इसी तरह की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी, ताकि सड़क सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
Jehanabad News: Special vehicle checking campaign, strict vigil on auto drivers.











