DW Samachar – Header
ब्रेकिंग

Jehanbad News: ऑनलाइन जीवन प्रमाणीकरण शिविर शुरू, पहले दिन 407 पेंशनधारियों ने कराया सत्यापन


14 मई तक चलेगा अभियान, समय पर प्रमाणीकरण नहीं कराने पर पेंशन हो सकती है बाधित

जहानाबाद जिले में समाज कल्याण विभाग के निर्देशानुसार 30 अप्रैल से ऑनलाइन जीवन प्रमाणीकरण शिविर की शुरुआत कर दी गई है। इस अभियान का उद्देश्य सभी पेंशनधारियों का समय पर जीवन प्रमाणीकरण सुनिश्चित कर उनकी पेंशन को निर्बाध रूप से जारी रखना है। जिला पदाधिकारी अलंकृता पांडेय द्वारा जारी निर्देशों के अनुसार जिले के विभिन्न प्रखंडों और पंचायतों में शिविर लगाए गए हैं, ताकि पेंशनधारियों को अपने नजदीक ही सुविधा मिल सके। शिविरों में कॉमन सर्विस सेंटर (CSC) के वीएलई, कार्यपालक सहायक और डाटा एंट्री ऑपरेटर जीवन प्रमाणीकरण का कार्य कर रहे हैं। वहीं विकास मित्र और आंगनवाड़ी सेविकाएं अधिक से अधिक लाभार्थियों तक जानकारी पहुंचाने में जुटी हैं।
प्रशासन द्वारा विकास मित्रों को विशेष जिम्मेदारी दी गई है कि वे पेंशनधारियों को शिविर तक लाने में सहयोग करें। साथ ही जिन लोगों का ऑनलाइन प्रमाणीकरण संभव नहीं हो पा रहा है,

उनका भौतिक सत्यापन भी सुनिश्चित किया जा रहा है। इसके अलावा मृत पेंशनधारियों की पहचान कर उनके नाम सूची से हटाने की प्रक्रिया भी जारी है। अभियान के पहले दिन जिले में कुल 407 पेंशनधारियों ने ऑनलाइन जीवन प्रमाणीकरण कराया। नगर परिषद क्षेत्र, जहानाबाद में सबसे अधिक भागीदारी देखने को मिली, जहां 80 से अधिक लोगों ने सत्यापन कराया। वहीं घोसी, काको और हुलासगंज प्रखंडों में अपेक्षाकृत कम संख्या में पेंशनधारियों ने प्रमाणीकरण कराया। जिले में अभी भी करीब 32 हजार पेंशनधारी ऐसे हैं, जिन्होंने जीवन प्रमाणीकरण नहीं कराया है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि 14 मई 2026 तक प्रमाणीकरण की प्रक्रिया पूरी कर ली जाएगी। निर्धारित समय सीमा के भीतर प्रमाणीकरण नहीं कराने पर पेंशन भुगतान बाधित या बंद किया जा सकता है। प्रशासन ने सभी पेंशनधारियों से अपील की है कि वे अंतिम तिथि का इंतजार न करें और जल्द से जल्द अपने नजदीकी शिविर में पहुंचकर जीवन प्रमाणीकरण करा लें। जिन लाभार्थियों का आधार नंबर पेंशन डाटा से लिंक नहीं है, वे अपने बैंक खाते की जानकारी के साथ शिविर में उपस्थित होकर आधार लिंक कराने की प्रक्रिया भी पूरी करें।
जिला प्रशासन ने बताया कि शिविरों का आयोजन अगले दिनों में भी जारी रहेगा। ऐसे में सभी पात्र लाभार्थी इस सुविधा का लाभ उठाकर अपनी पेंशन को नियमित बनाए रखें।

Jehanbad News: Online life certification camp begins, 407 pensioners get verified on the first day

Barun Kumar
Author: Barun Kumar

Relates News